बाड़मेर

दाह संस्कार से लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो की मौत

सरूपे का तला सड़क मार्ग पर चंदानियों का तला गांव की सरहद में एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दो जनों की मौत हो गई । करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए।
less than 1 minute read
• •
Updated: 19 Feb 2023, 4:43 PM IST
Tractor-trolley overturned, two killed in barmer

चौहटन (बाड़मेर)। कस्बे से 6 किमी दूर सरूपे का तला सड़क मार्ग पर चंदानियों का तला गांव की सरहद में एक ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दो जनों की मौत हो गई । करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। ट्रॉली में सवार सभी लोग अपने गांव में एक बुजुर्ग की मौत होने पर उनका दाह संस्कार करने चौहटन आए थे, वापसी के दौरान ट्रैक्टर की ट्रॉली पलटने से हादसा हो गया। ट्रॉली पलटने की खबर मिलते ही आसपास की ढाणियों एवं गांव के लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालकर चौहटन अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि शनिवार को मते का तला निवासी मालाराम (85) पुत्र खेताराम की मृत्यु होने पर उसका अंतिम संस्कार करने के लिए चौहटन स्थित शमशान घाट आए थे। दाह संस्कार के बाद वाहनों में सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे, इस दौरान चंदानियों का तला गांव के निकट ढ़लान में अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली पलटने से शवयात्रा में आए मृतक के पड़ोसी खेमाराम (27) पुत्र चेनाराम व उदाराम (48) पुत्र पदमाराम दोनों निवासी मते का तला की मौत हो गई।

तत्काल पहुंचे अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य रुपसिंह राठौड़, कापराऊ के खेमाराम सेंवर, पीएमओ डॉक्टर अशोक पंवार तुरंत अस्पताल पहुंचे तथा तत्परता के साथ घायलों का इलाज शुरू करवाया। पुलिस उप अधीक्षक धर्मेन्द्र डूकिया एवं थानाधिकारी भुटाराम विश्नोई, जिला परिषद सदस्य रूपसिंह राठौड़ ने घटनास्थल पर पहुंच कर मौक़ा मुआयना किया।

Published on: