
समदड़ी . कस्बे की बिगड़ी यातायात व्यवस्था में रत्ती भर सुधार नहीं होने से हर दिन आवागमन में लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। बीस हजार की आबादी वाले कस्बे में प्रशासन, पुलिस के यातायात व्यवस्था सुधार में कोई रुचि नहीं लेने से आमजन का सुख चैन छीन गया है। यातायात पुलिस लगाने के प्रस्ताव दिखावा बन कर रह गए हैं। मुख्य बाजार के हालात यह है कि हर पांच आठ मिनट बाद जाम लगता है। वाहन चालकों के मनमर्जी से वाहन खड़ा करने व कई घंटों तक इसे नहीं हटाने से पूरे समय यातायात व्यवस्था बिगड़ी रहती है।
संजोई थी उम्मीद- पहले तहसील व बाद में पंचायत समिति कार्यालय खुलने पर आमजन ने कस्बे में व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद संजोई थी, लेकिन हालत जस के तस है। कस्बा बड़ा होने पर आसपास के गांवों से ग्रामीण खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं। इस पर सुबह बाजार खुलने के साथ ही यहां भीड़ नजर आती है। मुख्य बाजार में वाहनों के आवागमन व निकासी का एक ही मार्ग है। यहां वन वे करके यातायात व्यवस्था को सुधारा जा सकता है, लेकिन तहसील व पुलिस प्रशासन इस संबंध में कोई प्रयास नहीं कर रहा है।
पार्किंग व्यवस्था का अभाव- कस्बा में पार्किंग नहीं है। इस पर सरकारी काम, खरीदारी, उपचार आदि कार्यों से आने वाले वाहन चालक स्वयं की सुविधा के अनुसार वाहन खड़े करते हैं। रही सही कसर ट्रांसपोर्ट वाहन पूरी करते हैं। व्यस्ततम समय में ट्रांसपोर्ट कारोबारी ट्रक, टे्रलर को खड़ा करके दुकानों में माल खाली करते हैं। इस पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो जाती है। इनके आड़े-तिरछे खड़े रहने पर दुपहिया वाहन चालकों के इनके पास से गुजरना तक मुश्किल हो जाता है।
बेहद जरूरी है बायपास- समदड़ी में बायपास नहीं होने पर छोटे-बड़े वाहन मुख्य बाजार से गुजरते हंै। जालोर, सिरोही, सिवाना, पाली,धुन्धाड़ा, जोधपुर सहित आसपास तक आवागमन करने वाले वाहन मुख्य बाजार से गुजरते हैं। बाजार व घनी आबादी क्षेत्र से वाहनों के गुजरने पर आमजन को अधिक परेशानियां उठानी पड़ती हैं। ग्राम पंचायत ने यातायात के सुधार को लेकर कई बार प्रयास किए, लेकिन कामयाब साबित नहीं हुए । नि.स.
यातायात व्यवस्था में सुधार जरूरी-
समदड़ी पंचायत व तहसील मुख्यालय भी है । यातायात व्यवस्था सुचारू के लिए यातायात पुलिस की व्यवस्था होनी चाहिए । इससे की आमजन को परेशानी नहीं उठानी पड़े।
अम्बाशंकर सोनी
बायपास की जरूरत- समदड़ी में यातायात सुधार के लिए बायपास व यातायात पुलिस की आवश्यकता है। कस्बे के मुख्य बाजार से बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाकर समस्या का काफी हल किया जा सकता है।
प्रकाश मेहता
कई बार भेजे प्रस्ताव, प्रयास पर सुधार संभव- यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए कई बार प्रस्ताव लेकर प्रशासन को भेजा। सीएलजी की बैठक में भी प्रस्ताव रखा गया । यातायात में सुधार को लेकर ललेची माता मन्दिर पहाड़ी के पास से बायपास निकाला गया है । बड़े वाहनों को इस सड़क से डायवर्ट किया जाए, तो यातायात व्यवस्था में सुधार सम्भव है - समदाकंवर सरपंच समदड़ी