Land prices: मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी के किनारे बसे जिलों में जमीनों के दाम बढ़ने जा रहे हैं। ये दाम 1 अप्रैल से बढ़ेंगे, जिसके लिए पंजीयक विभाग नई गाइडलाइन तैयार कर रहा है।
Land prices: अगर आप मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में जमीन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके पास सिर्फ 31 मार्च तक का समय है! 1 अप्रैल से नई गाइडलाइन लागू होने जा रही है, जिससे संपत्ति की कीमतों में बड़ा उछाल आने वाला है। जिला पंजीयक विभाग द्वारा तैयार की जा रही नई गाइडलाइन 2025-26 के अनुसार, जिले में 10 से 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
नई गाइडलाइन तैयार करने के लिए जिला पंजीयक विभाग संपदा-2 पोर्टल से डेटा मिलाकर दरें निर्धारित कर रहा है। अनुमान है कि जिले में 500 से ज्यादा लोकेशनों पर संपत्ति की कीमतें बढ़ाई जाएंगी। इसके अलावा, कई नई लोकेशनों को भी पहली बार गाइडलाइन में जोड़ा जाएगा।
बड़वानी में संपत्ति की खरीदी-बिक्री पहले से ही गाइडलाइन दर से कई गुना अधिक कीमतों पर हो रही है। यही वजह है कि इस साल भी गाइडलाइन में बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है। शहर के कई इलाकों में जमीन की मांग बढ़ रही है, जिससे कीमतें भी लगातार ऊपर जा रही हैं।
2525 लोकेशन में से किन इलाकों में होगा असर?
जिले में कुल 2525 लोकेशन हैं, जहां की रजिस्ट्री दरें तय हैं। इनमें से कुछ लोकेशनों पर जमीनों की भारी खरीद-फरोख्त हो रही है, जबकि कुछ जगहों पर सालों से कोई बदलाव नहीं हुआ है। यही कारण है कि इस बार शहर और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों में गाइडलाइन को रीवाइज किया जाएगा।
कुल लोकेशन: 2525
शहरी क्षेत्र: 1238 लोकेशन
ग्रामीण क्षेत्र: 1287 लोकेशन
बड़वानी में तेजी से नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। इनमें से कई अवैध कॉलोनियां भी शामिल हैं। शहर का फैलाव मुख्य रूप से रोड क्षेत्र की ओर हो रहा है, जिससे जमीनों की कीमतों में इजाफा देखा जा रहा है।
नई दरों को अंतिम रूप देने के लिए इस महीने जिला मूल्यांकन समिति की बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर करेंगे, जिसमें जनप्रतिनिधि और आम जनता भी शामिल हो सकती है। इस बैठक में ही तय किया जाएगा कि किन लोकेशनों पर कितनी बढ़ोतरी होगी।
ओमप्रकाश पाटीदार, उप पंजीयक, बड़वानी ने बताया कि नई गाइडलाइन 1 अप्रैल से लागू होगी। विभाग द्वारा मिले डेटा के आधार पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा।