राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने समग्र शिक्षा के तहत जिला और ब्लॉक स्तर पर रिक्त पदों को भरने के लिए नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इस बार चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा की जगह ऑनलाइन इंटरव्यू के माध्यम से नियुक्तियां की जाएंगी।
Rajasthan School Education Council: शिक्षा विभाग में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने के इच्छुक शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के लिए ये एक सुनहरा अवसर है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत जिला और ब्लॉक स्तर के कार्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन पदों पर पदस्थापन प्रतिनियुक्ति के आधार पर किया जाएगा और चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन इंटरव्यू के माध्यम से होगी। परिषद द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर नियुक्तियां की जाएगी।
इसमें प्रधानाचार्य समकक्ष, उप-प्राचार्य समकक्ष, वरिष्ठ व्याख्याता एवं व्याख्याता समकक्ष अधिकारियों को अवसर मिलेगा। चयन के लिए डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा संकुल, जयपुर स्थित कार्यालय की ओर से ऑनलाइन साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी 9 फरवरी से 13 फरवरी रात्रि 12 बजे तक शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला स्तर पर सहायक निदेशक (प्रधानाचार्य समकक्ष), सहायक परियोजना समन्वयक (प्रधानाचार्य समकक्ष) एवं कार्यक्रम अधिकारी (उप-प्राचार्य/वरिष्ठ व्याख्याता/व्याख्याता समकक्ष) के पद शामिल हैं। वहीं ब्लॉक स्तर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी-द्वितीय (प्रधानाचार्य समकक्ष) तथा संदर्भ व्यक्ति (आरपी) के पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इस बार चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। केवल ऑनलाइन इंटरव्यू के आधार पर चयन किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया तेज होगी और रिक्त पदों पर शीघ्र पदस्थापन संभव हो सकेगा।
सक्षम स्तर पर लिए गए निर्णय के अनुसार समग्र शिक्षा के जिला एवं ब्लॉक कार्यालयों में संभावित रिक्त पदों पर प्रतिनियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
राजेश कुमार लवानिया, सीबीईओ, तूंगा