बस्सी

Rajasthan Roadways: राजस्थान रोडवेज प्रबंधन ने बदला फैसला, दौसा-डिग्गी बस अब पुराने समय पर ही चलेगी

Rajasthan Roadways: यात्रियों के विरोध और जनहित से जुड़ी इस समस्या को पत्रिका ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद रोडवेज के मुख्य प्रबंधक और संबंधित डिपो अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया ।
2 min read
Mar 20, 2026
rajasthan roadways
रोडवेज बस की फाइल फोटो- पत्रिका

Rajasthan Roadways: तूंगा (देवगांव) । तूंगा समेत आसपास के क्षेत्र के रोडवेज यात्रियों और ग्रामीणों की एकजुटता के आगे रोडवेज प्रशासन को झुकना पड़ा है । राजस्थान पत्रिका ने 18 मार्च को ‘रोडवेज बस का समय बदला तो भड़के यात्री, तूंगा बस स्टैंड पर किया प्रदर्शन’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद विभाग ने दौसा से डिग्गी मार्ग पर संचालित बस को पुनः पुराने निर्धारित समय पर संचालित करने के आदेश जारी कर दिए हैं । गुरुवार सुबह जब बस अपने पुराने समय पर स्टैंड पहुंची, तो यात्रियों के चेहरे खिल उठे ।

पुराने समय से ही होगा सुगम सफर


गौरतलब है कि केकड़ी डिपो की इस बस का समय अचानक बदल कर 1 घंटे जल्दी किए जाने से तूंगा, लवाण, कोटखावदा और आसपास के दर्जनों गाँवों के यात्रियों का गणित बिगड़ गया था । वर्षों से एक ही समय पर यात्रा कर रहे व्यापारियों, छात्रों और कर्मचारियों को भारी असुविधा हो रही थी ।

ग्रामीणों और नियमित यात्रियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया था

इसके विरोध में पिछले दिनों तूंगा मुख्य बस स्टैंड पर ग्रामीणों और नियमित यात्रियों ने रोडवेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया था और पुरानी समय-सारणी बहाल करने की मांग की थी ।

समस्या को पत्रिका ने प्रमुखता से उठाया, विभाग ने लिया त्वरित संज्ञान

यात्रियों के विरोध और जनहित से जुड़ी इस समस्या को पत्रिका ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद रोडवेज के मुख्य प्रबंधक और संबंधित डिपो अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया । यात्रियों की सुविधा और राजस्व की स्थिति को देखते हुए विभाग ने समय परिवर्तन के फैसले को वापस ले लिया है ।

डिग्गी कल्याण जी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली

अब यह बस पहले की तरह ही अपने पूर्व निर्धारित समय पर संचालित होगी, जिससे डिग्गी कल्याण जी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिली है ।

यात्रियों ने जताया आभार


पुरानी समय-सारणी बहाल होने पर स्थानीय व्यापारियों और नियमित यात्रियों ने हर्ष व्यक्त किया है । यात्रियों ने रोडवेज प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में बिना स्थानीय फीडबैक के ऐसे निर्णय न लिए जाएं, जिससे आम जनता को परेशानी हो ।

Updated on:
20 Mar 2026 11:52 am
Published on:
20 Mar 2026 11:49 am