बस्सी

Ras Transfer: काम नहीं करेगा अधिकारी तो फिर होगा तबादला, बोलीं उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस्सी SDM गरिमा शर्मा के तबादले को रोकने की मांग की। इस पर दिया कुमारी ने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया है। जो अधिकारी अच्छा काम करेगा, वह सराहा जाएगा और जो काम नहीं करेगा, उसका तबादला फिर होगा।
2 min read
May 15, 2026
diya kumari statement on sdm transfer
अणतपुरा में विकसित भारत ग्राम रथ कार्यक्रम को संबोधित करतीं उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी

जयपुर/ तूंगा (देवगांव)। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत अणतपुरा पहुंचीं। विकसित भारत ग्राम रथ एवं चौपाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया तथा कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और अस्थिर परिस्थितियों के दौर में ईंधन संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील की।

महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस पर हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी की अपील का पालन करते हुए उप मुख्यमंत्री बिना बड़े काफिले के कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। दिया कुमारी ने कांग्रेस को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयक का विपक्ष ने विरोध किया था। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को जवाब देंगी।

अब घर-घर पहुंच रहा प्रशासन

उन्होंने कहा कि पहले सरकार के मंत्री केवल चुनावों के समय गांवों में नजर आते थे, लेकिन अब ग्राम रथ के माध्यम से सरकार गांव-गांव पहुंच रही है। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

एसडीएम तबादले पर दिया जवाब

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी गरिमा शर्मा के तबादले को रोकने की मांग की। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो अधिकारी अच्छा काम करेगा, वह सराहा जाएगा और जो काम नहीं करेगा, उसका फिर तबादला किया जाएगा।

बस्सी में दीपक सिंह खटाणा बने एसडीएम

कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेशों के तहत आरएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसके तहत बस्सी उपखंड में नए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) की नियुक्ति की गई है, वहीं चाकसू में भी प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।

जारी आदेशों के अनुसार वर्तमान में बस्सी उपखंड अधिकारी पद पर कार्यरत डॉ. गरिमा शर्मा का तबादला कर उन्हें सहायक निदेशक, स्थानीय निकाय विभाग जयपुर में नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर दीपक सिंह खटाणा को बस्सी का नया उपखंड अधिकारी लगाया गया है।

खटाणा इससे पहले जयपुर शहर उत्तर में उपखंड अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इसी प्रकार में चाकसू उपखंड में भी बदलाव करते हुए डॉ. सरिता शर्मा को उपखंड अधिकारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे इससे पहले सहायक कलक्टर के पद पर कार्यरत थीं।

लोक संस्कृति और योजनाओं की झलक

कार्यक्रम में महिलाओं और ग्रामीणों ने मनरेगा कार्य शुरू कराने सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार बनवारी लाल जाट ने कच्छी घोड़ी नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर पोषण किट भी वितरित की गई।

Updated on:
15 May 2026 12:21 pm
Published on:
15 May 2026 12:16 pm