बस्सी

Jaipur Crime: जयपुर-आगरा हाईवे पर पहले पूछते थे ‘कहां जाना है?’, फिर ऐसे बनाते थे शिकार; इनामी बदमाश गिरफ्तार

Jaipur Crime: बस्सी थाना पुलिस ने जयपुर-आगरा हाईवे पर अपहरण, लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाले 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।
2 min read
May 11, 2026
jaipur agra highway crime
पुलिस गिरफ्त में बापर्दा इनामी बदमाश

Jaipur Crime: बस्सी थाना पुलिस ने हाईवे पर अपहरण, लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देने वाले 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है । थानाधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी लंबे समय से जयपुर-आगरा रोड क्षेत्र में वारदातों को अंजाम दे रहा था ।

बांसखोह फाटक तक छोड़ने की बात कहकर कार में बैठाया

पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2025 को धामस्या निवासी उमराव सिंह गुर्जर ट्रांसपोर्ट नगर जयपुर में गांव जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक कार उनके पास रुकी ।

चालक ने बांसखोह फाटक तक छोड़ने की बात कहकर उन्हें कार में बैठा लिया । रास्ते में चालक ने अपने पांच अन्य साथियों को भी कार में बैठा लिया । जब कार बैनाडा मोड़ से आगे कल्पना नगर की तरफ जाने लगी तो पीड़ित को शक हुआ ।

विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों से मारपीट की

विरोध करने पर आरोपियों ने सुनसान जगह पर कार रोक ली और डंडों से मारपीट शुरू कर दी । बदमाशों ने पीड़ित से 20 हजार रुपए नकद, सोने की चेन, मोबाइल फोन और जरूरी सामान से भरा बैग छीन लिया । आरोपियों ने मोबाइल का पासवर्ड पूछकर ऑनलाइन एक हजार रुपए भी ट्रांसफर कर लिए और बाद में पीड़ित को सड़क किनारे पटककर फरार हो गए ।

200 सीसीटीवी खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़ित के बताए हुलिए, तकनीकी साक्ष्यों और करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने रामसर थाना तूंगा निवासी तनुज गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था ।

ऐसे रचते थे लूट की पूरी साजिश

थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी किराए की कार लेकर ट्रांसपोर्ट नगर और पुरानी चुंगी क्षेत्र में वाहन का इंतजार कर रहे लोगों को निशाना बनाते थे। यात्रियों को कार में बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाते और मारपीट कर नकदी, जेवरात व मोबाइल लूट लेते थे। मोबाइल के जरिए ऑनलाइन रकम भी ट्रांसफर करवाई जाती थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है ।

Published on:
11 May 2026 03:18 pm