
जगदलपुर . शहर से 71 किमी दूर माओवाद प्रभावित इलाका किन्दरवाड़ा में दो कलश में भरी हुई स्वर्ण मुद्राएं जमीन के अंदर से मिली है। यह पुरातात्विक महत्व के दुर्लभ मुद्राएं गुप्त काल के होने की संभावना जताई जा रही है। पूर्व में भी बस्तर जिले में कई जगहों से स्वर्ण मुद्राएं मिली हैं, लेकिन इसका संरक्षण नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में कई स्वर्ण मुद्राएं जिला नाजीरात शाखा में रखे हुए हैं, पर इन मुद्राओं को सही पहचान नहीं मिल पा रही है।
इस मामले को दबा दिया गया
इससे पहले राजनगर, धोबीगुड़ा, भंडार सिवनी से भी स्वर्ण मुद्राएं मिल चुकी हैं। 31 जनवरी को किन्दरवाड़ा के ग्रामीण मिलाराम को स्वर्ण मुद्राएं मिली, यह बात उसने कुछ दिन किसी को नहीं बताई। स्वर्ण मुद्राएं है यह नहीं इस बात को लेकर एक ग्रामीणों को बताया और बात फैल गई। इसकी भनक पुलिस को लगी और दोनों कलश ले गई और इस मामले को दबा दिया गया और ग्रामीणो को 24 मुद्राएं देकर धमकी दी गई कि किसी को न बताए।
पुलिस के द्वारा सिक्कों की हेराफेरी किए जाने की शिकायत
इससे पहले 1992 में लोहांडीगुड़ा के गढि़या में भी स्वर्ण मुद्राएं मिली थी। कुछ गिट्टी तोड़ रहे ग्रामीणों को स्वर्ण मुद्राएं गिट्टी के अंदर मिली थी। तब भी इसको लेकर विवाद हुआ था। जिसको लेकर छानबीन भी हुई थी। पुलिस के द्वारा सिक्कों की हेराफेरी किए जाने की शिकायत ग्रामीण अब कलक्टर से करेंगे। सिक्को की वास्तविक संख्या को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही हैं।
इन गांवों में मिले कीमती सिक्के
स्थान वर्ष
राजनगर 2016
सिवनी 2016
कोंडागांव 2016
भंडार सिवनी 2017
धोबीगुड़ा 2017
लोहांडीगुड़ा 1992
थाना में धरी हैं धरोहर
पुरातात्विक महत्व की कई कीमती निशानियां जिले के थाना में भी जमा हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन ने कई मर्तबा पत्र व्यवहार भी किया है। कागजी कार्रवाई के चलते धरोहर थानों में ही धरे के धरे हैं।
प्रस्ताव दिया हुआ है, लेकिन अब तक यह लंबित
पुरातत्व विभाग अध्यक्ष एएल पैकरा ने बताया कि, स्वर्ण मुद्राओं के संरक्षण के लिए हमने प्रस्ताव दिया हुआ है, लेकिन अब तक यह लंबित है। बस्तर के कई गांवों से पहले भी स्वर्ण मुद्राएं मिली है, जो जिला नाजीरात में रखी हुई है।