
जगदलपुर . झीरम घटना की पांचवी बरसी पर शुक्रवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता झीरम घाटी में एकजुट होकर संकल्प यात्रा का आगाज करेंंगे। झीरम घटना व चुनावी वर्ष को देखते हुए सरकार भी इस यात्रा में कहीं से लापरवाही नहीं बरतना चाह रही है। इसलिए झीरम घाटी में इसके लिए सीआरपीएफ , एसटीएफ, डीआरजी व कोबरा की कुल मिलाकर 21 बटालियन की ड्यूटी लगाई है। घाटी में कांग्रेसियों को सुरक्षा देने के लिए कुल 1700 जवान तैनात रहेंगे।
दिनभर पहुंचते रहे कांग्रेसी दिग्गज
झीरम की पंाचवी बरसी और संकल्प यात्रा के शुभारंभ के लिए गुरुवार को सुबह से ही कांग्रेस भवन में तैयारियां शुरू हो गई थी। इस दौरान कांग्रेसी दिग्गज भी जगदलपुर पहुंचते रहे। शाम आठ बजे तक सर्किट हाउस में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, अरूण उरांव, पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल , नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, सत्यानारायण शर्मा, छाया वर्मा व करूणा शुक्ला पहुंच चुकी थी। वहीं रात साढ़े आठ बजे भूपेश बघेल व अरूण उरांव दंतेवाड़ा के लिए रवाना हो गए थे। शुक्रवार की सुबह वे झीरम घटना में मारे गए महेंद्र कर्मा के गृहग्राम फरसपाल में उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद झीरम पहुंचेंगे।
दिनभर ऊहापोह, शाम को मिली यात्रा की अनुमति
संकल्प यात्रा की शुरूआत झीरम घाटी से करने के लिए सरकार की तरफ से अनुमति को लेकर गुरुवार की शाम तक उहापोह की स्थिति बनी रही। यह नाटक गुरुवार की शाम होते होते तय कार्यक्रम के 16 घंटे पहले ही साफ हो गया। हालांकि सरकार के इस निर्णय को राजनीतिक फैसले के रूप में ज्यादा देखा जा रहा है। क्यों कि यह चुनावी साल है, एेसे में यदि कांग्रेसियों को अनुमति नहीं दी जाती तो सरकार की तरफ से दरभा को माओवाद मुक्त करने का दावा खोखला साबित हो जाता और कांग्रेस भी इस मुद्दे को लेकर जनता तक जाती। इसलिए इतनी बड़ी सुरक्षा के साथ आखिरकार इसकी अनुमति दे दी गई।
दो आइपीएस व पांच डीएसपी करेंगे मॉनिटरिंग
कांग्रेस के कार्यक्रम को देखते हुए झीरम घाटी में करीब 1700 जवान तैनात रहेंगे। इसके साथ ही शासन की तरफ से सुरक्षा में कहीं चूक न हो इसके लिए पांच डीएसपी, एक एसपी व एक एएसपी इस पुरी सुरक्षा की मॉनिटरिंग करेंगे।
4 बजे विधानसभा स्तरीय संकल्प शिविर में शामिल होंगे
टीम के साथ पहुंचे पुनिया, बघेल
प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया संकल्प यात्रा में शामिल होने के लिए शाम साढ़े 7 बजे जगदलपुर पहुंचे। शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे झीरम के लिए रवाना होंगे। इसके बाद केशलूर में सभा को संबोधित करेंगे।