
बस्ती : बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के मलौली गोसाई गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के भोज में दो रसगुल्ला खा लेने पर नाराज कैटरिंग ठेकेदार ने 11 साल के बच्चे अमर उर्फ चमन को डीजल छिड़ककर जला दिया। बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस गया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और आग बुझाई, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
बच्चा अपनी नानी के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था। घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की है, जब शादी में खाने की व्यवस्था चल रही थी। चमन अन्य बच्चों के साथ खेलते हुए हलवाइयों की तरफ चला गया और वहां से दो रसगुल्ले निकालकर खा लिए। इसी बात पर कैटरिंग ठेकेदार भड़क गया और उसने बच्चे को पकड़कर डीजल डालकर आग लगा दी।
घटना के तुरंत बाद आरोपी कैटरिंग ठेकेदार मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद कैटरिंग के अन्य कर्मचारी बच्चे के मामा देवी प्रसाद निषाद के पास आए और बोले, 'तुम्हारा बच्चा जल गया है, उसे अस्पताल ले जाओ।' मामा दौड़कर पहुंचे तो देखा कि चमन तंदूर के पास बुरी तरह झुलसा हुआ जोर-जोर से रो रहा था।
परिजनों ने बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया, जहां से उसे पहले अयोध्या मेडिकल कॉलेज और फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पीड़ित बच्चा चमन मूल रूप से गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता संतोष विकलांग हैं। मां सीमा देवी अयोध्या में झाड़ू-पोंछा और बर्तन धुलने का काम करती हैं। परिवार में दो बेटे हैं। बड़ा चमन ननिहाल बस्ती के बाघानाला में अपनी नानी के पास रहता है और कक्षा 2 का छात्र है, जबकि छोटा बेटा अमन मां-पिता के साथ रहता है।
चमन ने बताया कि कैटरिंग वाले ने उसके ऊपर डीजल डालकर आग लगा दी। घटना के समय वहां कई लोग मौजूद थे। बच्चे के मामा देवी प्रसाद निषाद ने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा, 'हमें नहीं पता बच्चा वहां क्या कर रहा था, लेकिन कैटरिंग वालों ने डीजल छिड़ककर उसे जला दिया। बाद में उन्होंने खुद बुलाकर बताया कि बच्चा जल गया है।'
छावनी थानाध्यक्ष चंदन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी कैटरिंग ठेकेदार की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।