बस्ती के नगर पंचायत भानपुर में क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंची डीएम कृतिका ज्योत्सना स्वयं खेत में उतर कर गेहूं की कटाई शुरू कर दीं, इस दौरान उनके साथ एसपी भी मौजूद रहे।
बस्ती जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने शनिवार को काश्तकार के खेत में घुसकर खुद की गेहूं की कटाई, इस दौरान उनके साथ SP बस्ती डॉ. एस. वीर सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने नगर पंचायत भानपुर के फेरसम गांव में गेहूं की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। जानकारी के मुताबिक यह कटाई कास्तकार बैदुल्लाह के खेत में 43 वर्ग मीटर क्षेत्र में की गई। इस दौरान 18.900 किलोग्राम गेहूं प्राप्त हुआ। इस कटिंग के आधार पर उपज का औसत 43.500 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंका गया है, यह उपज पिछले वर्ष की तुलना में अधिक पाई गई है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिछले दो-तीन वर्षों के आंकड़ों का गहन विश्लेषण किया जाए, ताकि पैदावार का सही तुलनात्मक आकलन हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया वैज्ञानिक और निष्पक्ष होनी चाहिए। इसका मुख्य उद्देश्य भविष्य की कृषि नीतियों और आपदा राहत कार्यों में सटीकता बनाए रखना है। इस अवसर पर नायब तहसीलदार पूजा वर्मा, भूलेख अधिकारी अजय चौधरी, राजस्व निरीक्षक सुभाष चौबे और क्षेत्रीय लेखपाल शिवकुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आईएएस कृतिका ज्योत्सना वर्ष 2014 बैच की आईएएस अधिकारी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में अपने चौथे प्रयास में अखिल भारतीय स्तर पर 30वीं रैंक हासिल करने वाली कृतिका को यह सफलता तीन असफल प्रयासों के बाद मिली थी। यूपी में जन्मीं और हैदराबाद से ताल्लुक रखने वाली कृतिका के पिता, एसबीएल मिश्रा, तेलंगाना में प्रधान मुख्य वन संरक्षक के रूप में कार्यरत थे, और उनकी माँ उत्तर प्रदेश सरकार में कार्यरत हैं उनके बड़े भाई, कार्तिकेय मिश्रा, 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। आईएएस अधिकारी राहुल पांडे से विवाह किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें आंध्र प्रदेश से कैडर स्थानांतरण प्राप्त हुआ। इसके पहले कृतिका ज्योत्सना यूपी राज्य कर विभाग में विशेष सचिव थीं। इसके बाद उन्हें बस्ती में बतौर जिलाधिकारी तैनाती मिली है।