बस्ती

BJP के इस कार्यायल में लगी लंगूर की ड्यूटी, हर महीने 30 हजार रुपए सैलरी, रहने का VIP इंतजाम

एक ऐसा लंगूर जिसे 30 हजार रुपए महीना सैलरी मिलती है। ये बात आपको जरुर हैरान कर देनी वाली है, लेकिन ये बिल्कुल सच है। यूपी की बस्ती जिले में भाजपा कार्यालय में लाल मुंह वाले बंदरों के आतंक से परेशान होकर एक लंगूर की ड्यूटी लगाई गई है।
2 min read
May 11, 2024
Langur of Haryana deployed in BJP office of Basti gets Rs 30000 per month Salary

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर भाजपा कार्यालय में एक काले मुंह वाले लंगूर बंदर को तैनात किया गया है। इसके बदले लंगूर को 30 हजार रुपए हर महीने सैलरी मिलती है। यह लंगूर हरियाणा का रहने वाला है। इसका नाम मंगल है। मंगल काफी समझदार और तेज तर्रार है। उसकी खासियत यह है कि वो अपने मालिक के इशारों पर काम करता है। इसे बीजेपी कार्यालय में लाल मुंह वाले बंदरों के आतंक से सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बस्ती में लोकसभा चुनाव के चलते भाजपा सासंद और उम्मीदवार हरीश द्विवेदी ने मालवीय रोड पर अरविंद पाल के कैंपस में चुनाव कार्यालय खोला है। इस कार्यालय पर भाजपा नेताओं का आना जाना लगा रहता है। कार्यालय में आने वाले लोगों के लिए नाश्ता पानी और भोजन आदि की व्यवस्था की गई है। इसी के चलते लाल मुंह वाले बंदर भी आने लगे।

बंदरों ने यहां आने- जाने वाले लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया, जिससे लोग डरने लगे। हालात ये हो गए कि ऑफिस में लोगों का आना- जाना ही कम हो गया। इसकी जानकारी लोगों ने बीजेपी नेताओं को दी। फिर हरियाणा से मंगल नाम के एक लंगूर को बुलाया गया, जिसका काम यहां आने वाले लाल मुंह के बंदरों को भगाना है।

चुनाव खत्म होने के बाद लंगूर वापस लौट जाएगा हरियाणा

इतना ही नहीं लंगूर को इसकी सैलरी भी मिलती है वो भी तीस हजार रुपया महीना यानि प्रतिदिन एक हजार रुपए। लंगूर के आने के बाद भाजपा कार्यालय में लाल मुंह वाले बंदरों का आना बहुत कम हो गया है। चुनाव खत्म होने के बाद लंगूर वापस हरियाणा लौट जाएगा। कुछ दिन पहले मंगल की ड्यूटी अयोध्या राम मंदिर के आसपास लगाई गई थी। इसके बदले इसे दस हजार रुपए मिले थे।

Updated on:
11 May 2024 05:53 pm
Published on:
11 May 2024 05:38 pm