
Four Arrested in Basti:बस्ती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, मामला हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी होने का मामला जुड़ा है। छावनी पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की वेन्यू कार और पांच नीले प्लास्टिक के जरीकेन में करीब 50 लीटर चोरी का डीजल बरामद हुआ है। सुबह के समय ट्रक चालक जब सो रहे होते थे, तब आरोपी जरीकेन में डीजल निकालकर चोरी कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की रात रमघटिया में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से डीजल चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले में छावनी थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने 14 सितंबर की सुबह करीब 3:25 बजे मझौवा दूबे के पास से आदर्श वर्मा निवासी जुआ गांव, अंबेडकरनगर और लवकुश चौहान निवासी गौहनिया, अयोध्या को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो नाबालिगों को भी पकड़ा।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे सफेद रंग की कार पर राजनीतिक पार्टी का झंडा लगाकर हाईवे किनारे खड़े ट्रकों की तलाश करते थे। सुबह के समय जब ट्रक चालक सो रहे होते थे, तब आरोपी ट्रकों से डीजल निकालकर जरीकेन में भर लेते थे। इसके बाद चोरी का डीजल बेच देते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बस्ती के अलावा अंबेडकरनगर और अयोध्या समेत कई जिलों में इसी तरह की वारदात कर चुके हैं। पूछताछ में उन्होंने कुछ दिन पहले कलवारी-टांडा मार्ग पर भी इसी कार से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
CO हरैया स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आदर्श वर्मा के खिलाफ अंबेडकरनगर के अलग-अलग थानों में छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, लवकुश चौहान के खिलाफ गोसाईंगंज थाने में एक केस दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।