Basti News: महज 5 रुपये के केक ने एक मां की गोद सूनी कर दी और मासूम को अस्पताल पहुंचा दिया। जानिए बस्ती में उस शाम ऐसा क्या हुआ कि देखते ही देखते युवक की जान चली गई।
बस्ती से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसके बाद दुकान से पैकेट बंद सामान खरीदकर खाने में कई बार सोचना पड़ेगा। यहां गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव में एक दुकान से खरीदे गए केक को खाने के बाद एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि एक 3 साल का बच्चा गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, महुआडाबर निवासी अमन सिंह ने शनिवार शाम को गांव की ही एक किराने की दुकान से 5-5 रुपये वाले दो केक खरीदे थे। अमन ने एक केक खुद खाया और दूसरा केक पड़ोस में रहने वाले 3 साल के मासूम ओंकार को दे दिया। केक खाने के कुछ ही देर बाद दोनों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। दोनों के पेट में तेज दर्द होने लगा और उल्टी भी आने लगी। खराब हालत देखकर परिजनों ने दोनों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान अमन की मौत हो गई, जबकि ओंकार की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अमन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की छोटी दुकानों पर बिकने वाले एक्सपायर्ड और घटिया क्वालिटी के खाद्य पदार्थों की जांच की जाए ताकि दोबारा किसी मासूम की जान जोखिम में न पड़े।
इस मामले पर डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि युवक की मौत का प्राथमिक कारण केक बताया जा रहा है लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। बीमार बच्चे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है जहां डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अब उस दुकान और सप्लाई चेन की जांच कर रही है जहां से यह केक खरीदा गया था।