नगरीय सीमा विस्तार के बाद पुराने ब्यावर शहर के 45 वार्ड जबकि शहरी सीमा में नए शामिल हुए क्षेत्र के करीब 15 वार्ड सृजित हुए हैं।
ब्यावर। करीब 45 साल बाद ब्यावर नगर परिषद की शहरी सीमा का विस्तार हो गया है। हालांकि शहर में साठ वार्ड ही रखे गए हैं। नगरीय सीमा विस्तार के बाद पुराने शहर के 45 वार्ड जबकि शहरी सीमा में नए शामिल हुए क्षेत्र के करीब 15 वार्ड सृजित हुए हैं। इससे मतदाताओं की संख्या भी बढ़ी है। स्वायत्त शासन विभाग ने वार्ड गठन के प्रारूप आदेश पर प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण व जिला प्रशासन के अभिमत आदि के बाद वार्ड गठन की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
अब शहर से जुडी करीब 12 ग्राम पंचायतें नगर परिषद के वार्ड बन गई हैं। अधिसूचना के साथ ही इन वार्डों में अब नगर परिषद की ओर से सफाई, स्वच्छता, रोशनी सहित अन्य व्यवस्थाओं का विकास व रखरखाव किया जाएगा। वार्ड गठन के साथ ही चुनाव लडने के इच्छुक दावेदार भी अपनी जमीन की तलाश शुरु कर देंगे।
नगर परिषद में मेडिया, शम्भूपुरा, शोभापुरा, रामपुरा मेवातियान, मकरेडा, राजस्व ग्राम ब्यावरखास, राजस्व ग्राम सरमालिया, राजस्व ग्राम देलवाडा, दौलतपुरा बलाईयान, सेंसपुरा, राजस्व ग्राम बलाड, गढीथोरियान, कुशालपुरा, राजस्व ग्राम मालपुरा (कालियावास) , राजस्व ग्राम नून्द्रीमालदेव, राजस्व ग्राम गणेशपुरा, शिवनाथपुरा, राजस्व ग्राम गोविन्दपुरा, राजस्व ग्राम ठीकराना महेन्द्रातान, बाडिया श्यामा, रामसर बलाइयान, राजस्व ग्राम जालिया प्रथम, बाडिया जग्गा, राजस्व ग्राम नून्दीमेन्द्रातान, सिरोला, राजस्व ग्राम रतनपुरा सरदारा, डूंगरखेडा, राजस्व ग्राम केसरपुरा (परसा) एवं भोजपुरा नगर परिषद सीमा में शामिल हुए, जिनके वार्ड सृजित हो गए हैं।
वर्ष 1962 में नगर पालिका में 16 पार्षद थे। दो महिला सदस्यों का मनोनयन होता था। जनसंख्या करीब 25 से 28 हजार तक थी। 1965 में पार्षदों की संख्या 18, 1970 में 22, 1988 में 35, 2008 में पार्षदों की संख्या 45 कर दी गई। वर्ष 2019 में पार्षदों की संख्या को 45 से बढ़ाकर साठ किया गया। वार्डों का परिसीमन किया गया। 1962 में पार्षदों की संख्या 16 थी जो अब बढ़कर 60 तक पहुंच गई है।