ब्यावर

Rajasthan: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, परिजन बोले-हत्या करके फेंका, घबराते हुए बहन को किया था आखिरी कॉल

Rajasthan Crime News: राजसमंद में युवक का शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि नरेंद्र पाल सिंह की हत्या करके शव को फेंका गया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
3 min read
Jul 07, 2026
rajasthan crime news
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस टीम, गोले में साक्ष्य जुटाती एफएसएल टीम और इनसेट में मृतक की फाइल फोटो: पत्रिका

राजस्थान के ब्यावर जिले के लोटियाना निवासी नरेंद्र पाल सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह का शव राजसमंद जिले के जस्साखेड़ा स्थित कड़ियादो पुलिया के पास संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में लोटियाना के बडकोचरा मार्ग एवं चरागाह क्षेत्र में मिले खून के निशान के आधार पर हत्या कर शव को जस्साखेड़ा क्षेत्र में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजसमंद पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम तथा डॉग स्क्वॉयड की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कराई। परिजन की रिपोर्ट पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

डॉग स्क्वायड के साथ साक्ष्यों की तलाश करती पुलिस टीम (फोटो: पत्रिका)

पुलिस अधीक्षक कलाल के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई, देवगढ़ थाना प्रभारी मुकेश चौधरी, भीम थाना क्षेत्र की पुलिस टीम तथा जवाजा थाना प्रभारी नवल किशोर संभावित घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल विशेषज्ञ अंशु एवं डॉग स्क्वॉयड ने मौके से खून के नमूने सहित कई साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आस-पास के क्षेत्र से भी नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस ने मृतक के परिजन की ओर से भीम थाने में दर्ज कराई नामजद रिपोर्ट के आधार पर लोटियाना निवासी धर्मपाल सिंह, उनके पुत्र जितेंद्र सिंह, राहुल सिंह, पत्नी पिंकी देवी व पुत्री रीना देवी के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते एसपी कलाल (फोटो: पत्रिका)

पुलिस टीम ने जुटाए साक्ष्य

ग्रामीणों के अनुसार लोटियाना की चरागाह भूमि पर खून के निशान, जबकि बडकोचरा मार्ग पर भी कई स्थानों पर रक्त के धब्बे दिखाई दिए। इससे हत्या लोटियाना क्षेत्र में कर शव को राजसमंद जिले के जस्साखेड़ा स्थित कड़ियादो पुलिया के पास फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर साक्ष्य संकलित किए हैं और सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

जान से मारने की धमकी

मृतक की बहन टीना ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे नरेंद्र पाल का फोन आया था। उसने जान को खतरा बताते हुए कहा था कि आरोपी उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। परिजन के अनुसार करीब एक माह पूर्व भी नरेंद्र के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें उसके पैर में चोट आई थी। वहीं 10 से 15 दिन पहले भी नरेंद्र और उसकी बहन विनीता को लोटियाना आने पर जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई है।

मचा कोहराम, शव परिजन के सुपुर्द

इससे पूर्व सोमवार सुबह नरेंद्र का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच, डॉग स्क्वॉयड से प्राप्त संकेतों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

जांच के आधार पर होगी कार्रवाई

युवक का शव राजसमंद जिले के जस्साखेड़ा स्थित कड़ियादो पुलिया के पास मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने लोटियाना के बडकोचरा रोड स्थित संभावित घटनास्थल का भी निरीक्षण किया, जहां से खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। एफएसएल एवं डॉग स्क्वॉयड की टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हेमंत कलाल, एसपी, राजसमंद

Updated on:
07 Jul 2026 01:36 pm
Published on:
07 Jul 2026 01:29 pm