ब्यावर

हाइवे पर अचानक आई धमाके की आवाज और उठ गया आग का गुबार

टायर फटने के बाद पलटे ट्रक में लगी आग, दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, हाइवे पर तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार
less than 1 minute read
Jun 03, 2019
Fire in truck overturned after tire burst
हाइवे पर अचानक आई धमाके की आवाज और उठ गया आग का गुबार

मांगलियावास (अजमेर).

सराधना जाट विश्राम स्थली के पास रविवार रात्रि शौचालय की शीटों से भरा ट्रक टायर फटने के बाद पलट गया। इसके बाद ट्रक के टायरों में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरा ट्रक धधक उठा।


पुलिस के अनुसार रविवार रात्रि 9 बजे शौचालय शीट लदा एक ट्रक ब्यावर की ओर से अजमेर की तरफ जा रहा था। सराधना जाट विश्राम स्थली के पास अचानक ट्रक का टायर फट गया। इससे ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। इसी दौरान ट्रक के टायरों में आग लग गई और वाहन में भरी शौचालय शीटों में रखी घास से ट्रक धू-धू कर जलने लगा।

आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया। ट्रक में फंसे चालक और खलासी सूझबूझ से ट्रक से बाहर निकलकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर मांगलियावास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सराधना एचपीसीएल डिपो से दमकल मंगवाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

दमकल की मदद से करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल लौटने के बाद ट्रक ने फिर से आग पकड़ ली, जिससे दमकल को वापस मौके पर पहुंच ट्रक में लगी आग को बुझाना पड़ा।

ट्रक में आग लगने के बाद नेशनल हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, हालांकि पुलिस ने एकतरफा यातायात चालू रखा। मौके पर करीब 3 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। खबर लिखे जाने तक ट्रक में लगी आग पर काबू पा लिया गया।

Published on:
03 Jun 2019 02:23 am