बेमेतरा

आंगनबाड़ी केंद्र में गुस्से से लाल कार्यकर्ता ने मासूम को गर्म चिमटे से जलाया, शैतानी की इतनी बड़ी सजा

ग्राम पंचायत खण्डसरा के संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 03 में गंदगी करने पर एक नौनिहाल को चिमटे से जलाने का मामला सामने आया है।
2 min read
• •
Updated: 31 Jul 2018, 12:26 PM IST
patrika
आंगनबाड़ी केंद्र में गुस्से से लाल कार्यकर्ता ने मासूम को गर्म चिमटे से जलाया, शैतानी की इतनी बड़ी सजा

बेमेतरा. जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग के खण्डसरा परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत खण्डसरा के संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 03 में गंदगी करने पर एक नौनिहाल को चिमटे से जलाने का मामला सामने आया है। जिस आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के भरोसे आंगनबाड़ी केन्द्र में माता-पिता अपने मासूमों को छोड़कर जाते हैं, वहां पर इस तरह की घटना से माता-पिता भी सकते में हैं।

आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर शिकायत की
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत खण्डसरा के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 03 में अध्ययनरत मासूम बालक ऋषभ पिता महेश धोबी ने आंगनबाड़ी केन्द्र में गंदगी कर दिया, जिसे डांटते हुए आंगनबाड़ी केन्द्र की कार्यकर्ता ने गर्म चिमटे से बच्चे को दाग दिया। गर्म चिमटे से जले बच्चे ने घर में पहुंचकर अपने पिता को घटना की जानकारी दिया, जिसके बाद परिजनों ने आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर शिकायत की है।

वापस घर भेज दिया
बताना होगा कि लगभग सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के लिए शौचालय की व्यवस्था की गई है, लेकिन बच्चों को उनके उपयोग के बारे में नहीं सिखाया जाता है। उलटे बच्चों के द्वारा कभी तबीयत बिगडऩे से पेट खराब होने या अन्य प्रकार की गंदगी किए जाने पर घर से परिजनों को बुलाकर सफाई कराई जाती है, या फिर बच्चों उसी स्थिति में वापस घर भेज दिया जाता है।

आंगनबाड़ी केन्दों में सहायिका भी रहती है, जो बच्चों को शौचालयों में ले जाकर टायलेट कराने के साथ बच्चों को साफ-सफाई के बारे में बताकर सिखा भी सकती है। लेकिन खंडसरा के आंगनबाड़ी में हुई घटना बताती है कि इस तरह की कवायद करना भी सहायिता गंवारा नहीं करतीं।

जांच में घटना की पुष्टि होते ही करेंगे कार्रवाई
जिला कार्यक्रम अधिकारी बेमेतरा राजेंद्र कश्यप ने बताया कि शिकायत गंभीर है। परियोजना अधिकारी खण्डसरा को मामले की जांच करने कहा गया है। जांच में घटनाक्रम की पुष्टि होती है तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी खंडसरा मुन्नी पंत ने बताया कि सेक्टर सुपरवाइजर रुचि ठाकुर को 24 घण्टे के अंदर मामले की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। जांच में मामले की पुष्टि होती है, तो अग्रिम कार्रवाई के लिए जांच प्रतिवेदन उच्चाधिकारियों को सौंपा जाएगा। बालक के बड़े पिता रमेश रजक ने बताया कि बच्चे को गर्म चिमटे से दागा गया है, जिसमें दोषी पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Published on: