बेमेतरा

छत्तीसगढ़ में 19 भाजपा जिलाध्यक्षों के नाम घोषित, अजय साहू संभालेंगे बेमेतरा की कमान

CG News: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपने जिलाध्यक्षों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें राजनांदगांव और कवर्धा जिले को छोड़कर 19 जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। बेमेतरा में अजय साहू को नया अध्यक्ष बनाया गया है।

2 min read
Jan 07, 2025

Bemetara News: भाजपा ने बेमेतरा जिला अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी नवागढ़ विधानसभा के ग्राम मरका निवासी खंडसरा मंडल के पूर्व अध्यक्ष अजय साहू को दी है। अजय खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के करीबी माने जाते हैं।

बेमेतरा जिला बनने के बाद बेमेतरा विधानसभा से राजेंद्र शर्मा एवं साजा विधानसभा से निवर्तमान अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी को पार्टी ने अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी। नवागढ़ विधानसभा को इस बार मौका मिला है। अजय को अध्यक्ष बनाने पहले ही बिसात बिछ गई थी। बेमेतरा एवं साजा के जिम्मेदारों को भरी दोपहरी राजनीति पीठाधीश्वर ने समझा दिया था कि दोनों विधानसभा से जो अध्यक्ष बनेगा, वह 2028 में विधायक बनने का सपना देखेगा।

नवागढ़ आरक्षित सीट है। इस विधानसभा में सपना देखने वाले की खाट टूट जाती है। राजनीतिक पंडितों के मुताबिक भगवताचार्य ओमप्रकाश जोशी धर्म मंच से लोभ माया से दूर रहने का प्रवचन देते हैं पर कुर्सी के लिए उनका भी मोह समय समय पर जागृत हो जाता है। इन तमाम गणनाओं को मानते हुए सभी खामोश थे। नतीजा यह हुआ कि नवागढ़ को अध्यक्ष मिल गया।

यदि पुराना रिकॉर्ड देखा जाए तो खाद्य मंत्री एवं उनके समर्थक 2023 तक उपेक्षित थे। अब गेंद का पाला बदल गया है। एक दिन पूर्व जब दुर्ग भिलाई व बालोद जिला अध्यक्ष की घोषणा हुई तो साहू समाज से प्रतिनिधित्व की कमी को देखते हुए लोगों को समझ आ गया था कि बेमेतरा में इसकी पूर्ति होगी। विषम परिस्थिति में पार्टी एवं व्यक्ति को नहीं छोड़ने वाले अजय को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है।

पटेल का टूटेगा रिकॉर्ड

राजनीति के जानकार गंगाधर ने अजय साहू के अध्यक्ष बनने पर लिखा कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष बंशी पटेल का रिकॉर्ड टूटेगा। बतौर अध्यक्ष बंशी पटेल ने जितने रोचक पत्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं के निष्कासन के लिए लिखे। उतने पत्र अन्य कार्यों के लिए नहीं। अब यह रिकॉर्ड टूटेगा। अजय साहू का काफिला बेमेतरा से नवागढ़ के लिए निकला। नवागढ़ मुख्य चौक एवं बस स्टैंड में स्वागत की तैयारी थी पर बस्तर में जवानों की शहादत की खबर पर सभी आयोजन रद्द कर दिए गए।

Also Read
View All

अगली खबर