
Chhattisgarh Crime News: बेमेतरा जिले के चदनु थाना क्षेत्र के ग्राम तुमा में शिवनाथ नदी किनारे 45 वर्षीय प्रौढ़ महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के दोनों हाथ और पैर धड़ से अलग कर दिए गए थे। शव के अवशेष बोरियों में बंधे हुए मिले। ग्रामीणों ने चादर में लिपटा शव देखकर थाना को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शव की भयावह स्थिति को देखते हुए प्राथमिक तौर पर निर्मम हत्या की आशंका जताई जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या कर शव को टुकड़ों में काटकर नदी में फेंका गया, जो बाढ़ के पानी से बहकर किनारे आ गया। सूचना पर चदनु थाना प्रभारी द्वारका प्रसाद देशलहरे और बेमेतरा एसडीओपी भूषण एक्का टीम सहित मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल भेानी फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस की पहली प्राथमिकता मृतका की पहचान करना है। इसके लिए स्थानीय गुमशुदा महिलाओं के रेकॉर्ड और कपड़ों के हुलिए का मिलान किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आसपास के थानों को भी सूचित किया है।
फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाल रही है और संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
चंदनु पुलिस का कहना है कि मामले की हर कोण से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।