बेमेतरा

CG News: इस समाज ने मृत्यु भोज पर लगाई रोक, आखिर क्यों लिया गया बड़ा फैसला? जानकर होगी हैरानी

Bemetara News: बैठक में सबसे प्रमुख निर्णय मृत्यु भोज की परंपरा पर रोक लगाने तथा शांति भोज को पूरी तरह स्वैच्छिक रखने का लिया गया।
2 min read
Mar 10, 2026
इस समाज ने मृत्यु भोज पर लगाई रोक (फोटो सोर्स- पत्रिका)
इस समाज ने मृत्यु भोज पर लगाई रोक (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG News: बेमेतरा जिला साहू संघ बेमेतरा की कार्यकारिणी बैठक जिला अध्यक्ष नारद साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज के हित और सामाजिक सुधार को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक में सबसे प्रमुख निर्णय मृत्यु भोज की परंपरा पर रोक लगाने तथा शांति भोज को पूरी तरह स्वैच्छिक रखने का लिया गया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस निर्णय से अनावश्यक सामाजिक खर्च कम होगा और समाज में सादगी को बढ़ावा मिलेगा।

फिजूलखर्ची रोकने की अपील

बैठक में समाज के लोगों से प्री-वेडिंग शूट जैसी अनावश्यक खर्चीली प्रवृत्तियों से दूर रहने की अपील की गई, ताकि समाज में सादगी और अनुशासन की भावना को मजबूत किया जा सके।

तालाब में चूड़ी उतारने की परंपरा पर भी रोक

बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए तालाब में चूड़ी उतारने की परंपरा पर भी प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके स्थान पर यह प्रक्रिया अब घर पर ही महिलाओं द्वारा संपन्न कराई जाएगी, जिससे अनावश्यक भीड़ और परंपरा से जुड़ी असुविधाओं से बचा जा सके।

व्यवस्थाओं पर भी चर्चा

बैठक में समाज के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और गतिविधियों के विस्तार को लेकर भी कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें मां कर्मा जयंती के आयोजन, विभिन्न प्रकोष्ठों के विस्तार, अंतर्जातीय प्रकरणों के लिए दिशा-निर्देश, अंश राशि व ऑडिट व्यवस्था, प्रत्येक क्षेत्र से दो-दो नाम मंगाने, कर्मा मंदिर एवं सामाजिक भवन की जानकारी एकत्र करने, अधिक से अधिक आजीवन सदस्य बनाने, सदस्यता शुल्क और सामाजिक गणना जैसे प्रस्ताव शामिल रहे।

इसके अलावा सभी सामाजिक संगठनों के बैंक खाते खोलने तथा जिलों के लिए नए खाते संचालित करने पर भी सहमति बनी। समाज की आय-व्यय व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग पर भी जोर दिया गया।

15 मार्च को सामूहिक रूप से मनाई जाएगी मां कर्मा जयंती

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पापमोचनी एकादशी (15 मार्च) के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में मां कर्मा जयंती सामूहिक रूप से मनाई जाएगी। जिला साहू संघ के अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण अध्यक्षों और परिक्षेत्रीय तहसील पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्देशानुसार इस दिन प्रत्येक परिवार अपने घर में रंगोली बनाएगा तथा शाम के समय अपने दरवाजे पर मां कर्मा के नाम से पांच दीपक प्रज्वलित करेगा। इसके साथ ही परिवार अपनी सुविधा अनुसार मां कर्मा की पूजा-आरती कर प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण करेंगे।यह जानकारी महासचिव देवेंद्र साहू ने दी।

Updated on:
10 Mar 2026 12:52 pm
Published on:
10 Mar 2026 12:52 pm