बेमेतरा

Chhattisgarh Teacher Recruitment 2026: बेमेतरा में 70 सहायक शिक्षकों की भर्ती, विज्ञापन जारी, प्रदेश के 12 जिलों में 795 पद

Teacher Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने सहायक शिक्षक (तृतीय श्रेणी) भर्ती 2026 का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है।
2 min read
Jul 25, 2026
teacher-recruitment-2026
शिक्षकों की भर्ती (Patrika File Photo)

Teacher Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ लोक शिक्षण संचालनालय ने राज्य की शासकीय शालाओं में सहायक शिक्षक (तृतीय श्रेणी, वेतन मैट्रिक्स लेवल-06) के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। विज्ञापन जारी होने के साथ ही बेमेतरा जिले के डीएलएड एवं टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों सहित शिक्षित बेरोजगार युवाओं में उत्साह का माहौल है।

बेमेतरा जिले में ई-संवर्ग के अंतर्गत कुल 70 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया व्यापमं के पोर्टल के माध्यम से जल्द शुरू होगी। जिले के लिए जारी विज्ञापन में सभी 70 पदों का वर्गवार विवरण भी प्रकाशित किया गया है, जिससे अभ्यर्थी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।

21 से 35 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

सहायक शिक्षक पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 21 वर्ष तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।

11 अक्टूबर को संभावित लिखित परीक्षा

भर्ती प्रक्रिया के तहत छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा की संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश, प्रवेश पत्र और अन्य जानकारी व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

Chhattisgarh Teacher Recruitment 2026: प्रदेश के 12 जिलों में ई-संवर्ग के 795 पद

राज्य स्तर पर लोक शिक्षण संचालनालय ने ई एवं टी संवर्ग मिलाकर कुल 2,292 सहायक शिक्षक पदों पर भर्ती निकाली है। इनमें मैदानी क्षेत्रों के 12 जिलों में ई-संवर्ग के कुल 795 पद शामिल हैं। प्रमुख जिलों में दुर्ग (80), बिलासपुर (80), बलौदाबाजार (80), बेमेतरा (70) और रायपुर (70) शामिल हैं। इसके अलावा अन्य जिलों के लिए भी रिक्तियां निर्धारित की गई हैं।

टी-संवर्ग में 16 जिलों के लिए 1,497 पद

आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लिए टी-संवर्ग के अंतर्गत 16 जिलों में कुल 1,497 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें जशपुर (150), बस्तर (125), बीजापुर (105), कांकेर (100) और कोण्डागांव (100) में सबसे अधिक रिक्तियां घोषित की गई हैं। इन जिलों में नियुक्ति के लिए भी व्यापमं के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर

राज्य सरकार द्वारा लंबे समय बाद सहायक शिक्षक पदों पर बड़े पैमाने पर भर्ती निकाले जाने से हजारों डीएलएड और टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। बेमेतरा जिले में 70 पद स्वीकृत होने से स्थानीय अभ्यर्थियों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अभ्यर्थी व्यापमं पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

Updated on:
25 Jul 2026 11:13 am
Published on:
25 Jul 2026 11:13 am