
बेमेतरा. जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर बेरला मार्ग में अमोरा शिवनाथ पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव मुंह के बल नदी में तैर रहा था। शव मिलने की खबर फैलते ही आस-पास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शिवनाथ नदी किनारे पहुंचे थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कोटवार को और कोटवार ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
महेश रंगारे पिता अगनु रंगारे वार्ड 12 गस्ती चौक निवासी
जानकारी के अनुसार महेश रंगारे पिता अगनु रंगारे वार्ड 12 गस्ती चौक निवासी ने अपने पुत्र संदीप 29 वर्ष के गुमशुदगी का मामला थाने में दर्ज कराया था। बताया गया कि संदीप रंगारे कचहरी में टायपिंग काम करता था। वह बुधवार को दोपहर साढ़े तीन बजे तक कचहरी में था। उसके बाद किसी को बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने सगें संबंधियों व रिश्तेदारों के यहां खोजबीन और पतासाजी की। जान पहचान वालों से फोन से भी संपर्क किया गया। उनके दोस्तों से भी पूछताछ की गई लेकिन संदीप का कहीं पता नहीं चल पाया। इसके बाद महेश रंगारे ने अपने पुत्र के गुमशुदगी की रिपार्ट दर्ज कराई थी।
नदी किनारे मिला था सामान
गुरुवार को (कल) ही शिवनाथ नदी के पुल पर संदीप का बैग, पर्स व दस्तावेज मिला था। जिसे अमोरा के कोटवार शंभु चौहान ने थाने के सुपुर्द किया था। इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका के चलते कल रात नदी घाट में भी तलाश की गई थी। शुक्रवार की सुबह सात बजे युवक का शव नदी में मिला। बताया जाता है कि मृतक विवाहित और कुछ महीने पहले ही तलाक हुआ था।मृतक तीन भाइयों में सबसे बडा था।
हत्या या आत्महत्या ?
गुम युवक की संदिग्ध स्थिति में लाश नदी में मिलने से तरह-तरह की चर्चा हो रही है। किसी ने इसे हत्या कहा तो कोई इसे आत्महत्या का मामला बता रहा है। लाश को देखने से आत्महत्या का मामला लग रहा है। शरीर में कहीं पर भी चोट के निशान नहीं है इससे आत्महत्या का बल मिल रहा है। वहीं ग्रामीणों का तर्क है कि मृतक को तैरना आता था इसलिए डूबने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उनकी मानें तो युवक की किसी ने हत्या कर शव नदी में फेंक दिया होगा। फिलहाल मामले की जांच पुलिस कर रही है। पुलिस जांच एवं पीएस रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।