बेमेतरा

डेंगू से लड़ते हुए आठ वर्षीय मासूम हार गया जिंदगी, रायपुर के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांसें

जिले में डेंगू से हो गई दूसरी मौत, साजा ब्लॉक के ग्राम लुक निवासी रूपेश भिलाई में हुआ डेंगू का शिकार

2 min read
डेंगू से लड़ते हुए आठ वर्षीय मासूम हार गया जिंदगी, रायपुर के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांसें

बेमेतरा. जिले के 8 वर्षीय बालक का डेंगू के इलाज के दौरान राजधानी के एक निजी हास्पिटल में मौत हो गई। बालक का अंतिम संस्कार साजा ब्लॉक स्थित गृह ग्राम लुक में शनिवार को किया गया। जिले में डेंगू से यह दूसरी मौत है, इसके पहले ग्राम अमोरा की 19 वर्षीय बालिका गौरी की डेंगू से मौत हुई थी। जानकारी के अनुसार, लुक निवासी रमेश धनकर भिलाई के शारदा नगर में रहते है। रमेश के बड़े बेटे रूपेश धनकर (8 वर्ष) को बुखार होने पर परिजनों ने पहले भिलाई के बीएम शाह अस्पताल में भर्ती कराया, जिसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर रायपुर के बालगोपाल अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान रूपेश ने अंतिम सांसें ली।

कर्ज लेकर कराया बच्चे का उपचार
बच्चे के शव को रायपुर से ग्राम लुक लाया गया, जहां शुकवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के चाचा कमलेश धनकर ने बताया कि उनके बड़ा भाई रमेश परिवार सहित भिलाई के शारदा पारा में रह रहे हैं। रमेश मकानों में रंगपुताई का काम करता है, पर रूपेश के बीमार होने पर परिवार के लोगों के मदद व कर्ज लेकर उपचार कराया है। शासन द्वारा डेंगू मरीजों का मुफ्त उपचार कराने से वंचित रहे हैं। जनपद सदस्य राजेश सिंह राजपूत, दिमा धनकर व राजू घनकर के अनुसार बालक के निधन के बाद परिवार सदमे की स्थिति में है।

ये भी पढ़ें

प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी महिला, भगवान बनकर आई लेडी डॉक्टर, जटिल ऑपरेशन करके बचा ली जच्चा-बच्चा की जान

स्वास्थ्य विभाग का सूचना तंत्र कमजोर
बताना होगा जिले में डेंगू संबधित प्रकरण होने की स्थिति में स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक एवं जिला स्तरीय टीम को सूचना दिए जाने का आदेश जारी किया गया है। इसके बाद मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यरतों द्वारा कार्यालयों को सूचित नहीं किया जा रहा है। ग्राम लुक के बालक की डेंगू से मौत होने की जानकारी साजा विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके वर्मा को शनिवार शाम तक नहीं दी गई थी। 'पत्रिकाÓ ने डॉ. वर्मा से जब जानकारी मांगी तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की।

जिले से भेजे गए 5 सेम्पल में दो पॉजीटिव
जिला अस्पताल से मेकाहारा, रायपुर के माइक्रो बॉयलॉजी यूनिट को अब तक पांच संभावित मरीजों के प्रकरण में ब्लड सेंपल लेकर सिरम जांच के लिए भेजा गया था, जिसके जांच में दो मरीजों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। वहीं 3 मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिला अस्पताल सिविल सर्जन डॉ एसके पाल ने बताया कि सभी सिरम रिपोर्ट मिल गई है। जिसमें दो सेपल का रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जिसकी सूचना पीडि़तों को दी गई है।

बाहर से डेंगू लेकर लौट रहे
जिले में अब तक 7 प्रकरण भिलाई से बीमार हालत में वापस आए हैं। भिलाई में डेंगू के शिकार हुए 6 लोगों में 4 पढऩे वाले हैं, वही दो काम की तलाश में गए थे। वहीं एक मरीज को इलाज के लिए भिलाई में भर्ती किया गया था, जो अस्पताल में डेंगू का शिकार हुई। इसके अलावा शुकवार को लुक के 8 वर्षीय मासूम बालक की भी मौत हुई है।

साजा बीएमओ से मंगाई जाएगी जानकारी
सीएचएमओ डॉ. एसके शर्मा ने कहा कि ग्राम लुक के बालक की मौत की जानकारी साजा विकासखंड अधिकारी द्वारा नहीं दी गई है। साजा से जानकारी मंगाई जाएगी। नगर पालिका प्रशासन पालिका क्षेत्र में दवा छिड़काव के बाद मच्छर मारने के लिए फागिंग मशीन चला रहा है। दो दिनों से शहर के मुख्य स्थलों पर फागिंग से घुआं कराया जा गया, जिसके बाद शहर में मच्छरों का प्रकोप कम हुआ है।

ये भी पढ़ें

स्टेडियम में ऐसा क्या हुआ कि पहुंच गए पालिका सीएमओ
Published on:
02 Sept 2018 12:02 am
Also Read
View All