बेमेतरा

छत्तीसगढ़ में पोलियो का टीका लगाने के बाद दुधमुंहे की मौत, परिजन ने लिखाई रिपोर्ट

आंगनबाड़ी केन्द्र में टीका लगाए जाने के 13 घंटे बाद डेढ़ माह के मासूम की मौत का मामला सामने आया है। मासूम की मौत के बाद परिजन ने टीकाकरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

3 min read
सरकार की जय हो: पोलिया का टीका लगाने के बाद दुधमुंहे की मौत, परिजन ने लिखाई रिपोर्ट

बेमेतरा. आंगनबाड़ी केन्द्र में टीका लगाए जाने के 13 घंटे बाद डेढ़ माह के मासूम की मौत का मामला सामने आया है। मासूम की मौत के बाद परिजन ने टीकाकरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। टीकाकरण के बाद बच्चे की मौत की खबर लगते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एसके शर्मा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जिले में टीकाकरण के बाद किसी बच्चे की मौत का यह पहला मामला है। बच्चे को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पोलियो ड्राप पिलाकर दो टीके लगाए थे। बच्चे की मौत की रिपोर्ट राज्य कार्यालय भेजी जाएगी।

ग्राम ढोलिया आंगनबाड़ी में टीके लगाने के बाद मौत
पुुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम ढोलिया के रामेश्वर साहू ने थाने में सूचना दी कि उनके डेढ़ माह के दुधमुंहे धनंजय का गांव के आंगनबाड़ी क्रमांक एक में टीके लगाने के बाद आज सुबह मौत हो गई। मृतक के पिता ने बताया कि टीकाकरण के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। उन्होंने टीकाकरण के बाद मासूम की मौत होने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

ये भी पढ़ें

टी-शर्ट के टुकड़े और पत्नी की फोटो देखकर पहचाना शव को

पुलिस व स्वास्थ विभाग की टीम पहुंची
परिजन की सूचना पर आज सुबह पुलिस की टीम संरपच लेखूराम साहू के घर पहुंची और बच्चे की मौत मामले में जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक की मां सीमा साहू सहित अन्य परिजनों का बयान लिया है।

एक दिन पहले स्वस्थ और खेल रहा था मासूम
परिजनों ने बताया कि मासूम धनंजय टीका लगाने के पहले स्वस्थ और गोद में खेल रहा था। दोपहर दो बजे आंगनबाड़ी केन्द्र में टीका लगाने के बाद हल्का सूजन आ गया था। इसकी जानकारी देने एवं एएनएम की सलाह पर बर्फ से सिकाई कर परिजन सो गए थे। आज सुबह चार बजे मासूम की मां सीमा उठी तो धनंजय के नाक से खून निकल रहा था, जिसे देखकर उन्होंने परिजनों को आवाज दी। परिजन के पहुंचने तक मासूम ने दम तोड़ दिया था।

पोलिया ड्राप पिलाकर दो टीके लगाए थे
मासूम के पिता रामेश्वर ने बताया कि मंगलवार को दोपहर दो बजे धनंजय को पोलियो की दवा पिलायी गई थी। इसी के साथ दो प्रकार के टीके का इंजेक्शन भी लगाया गया था। इंजेक्शन लगाने के बाद बुधवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे मासूम की मौत हो गई।

दो डाक्टरों ने किया पीएम
जिला हॅास्पिटल में मासूम के शव का पोस्टमार्टम दो डाक्टरों द्वारा किया गया। जिसमें सीएचएमओ डा. एसके शर्मा एवं डॅा. शरद कोहाड़े शामिल थे। डा. शरद कोहाड़े ने शार्ट टर्म रिपोर्ट में बताया है कि बच्चे कि मौत वैक्सिन के कारण नहीं हुई है। बच्चे का बिसरा कलेक्ट किया गया है जिसे केमिकल एनालिसिस जांच के लिए फारेंसिक लैब भेजा जाएगा। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।

एकसाथ सात बच्चों को लगाए गए टीके
बीएमओ डा. शरद कोहाड़े ने बताया कि ग्राम ढोलिया के जिस आंगनबाड़ी में मृत मासूम को टीका लगाया गया था। उसी आंगनबाड़ी केन्द्र में एएनएम के द्वारा अन्य सात बच्चों को बी टीके लगाए गए हैं। वैक्सिन में गड़बड़ी के कारण मौत होती तो अन्य बच्चे भी प्रभावित होते, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। मृतक मासूम को पोलियो की ड्राप पिलाई गई थी। साथ ही पोलियो का एक इंजेक्शन बांह में एवं पेन्टावेलिन के टीके जांघ में लगाया गया था।

फार्म-3 सी भरकर राज्य कार्यालय को प्रेषित
डा. कोहाड़े ने बताया कि एक दो दिनों में एइएफआई कमेटी की बैठक होगी, जिसमें राज्य स्तर के अधिकारियों की उपस्थिति में इस विषय पर चर्चा की जाएगी। चर्चा के बाद जो निष्कर्ष निकलेगा उसके आधार पर आगे रिपोर्ट भेजी जाएगी। फिलहाल फार्म-3 सी भरकर राज्य कार्यालय को प्रेषित कर दी गई है।

ये भी पढ़ें

मॉरच्युरी में 10 शव पहुंची तो सभी की आंखें हो गई नम, देखें वीडियो
Published on:
11 Oct 2018 12:04 am
Also Read
View All