बिलकुल कोयला हो चुके शरीर में जैसे ही अपना होने का कुछ निशान नजर आता चीख, पुकार और दहाड़ से पूरा कमरा गंूज उठता। किसी ने कद, काठी, तो किसी ने खाक हो चुके शरीर पर चिपके कपड़े के टुकड़े से अपनों के शव की पहचान कर ली। इस तरह आठ कर्मियों सैयद अकील अहमद, मलखम प्रसाद, इंद्रमण दुबे, देवनारायण तारण, गणेश राम, संजय कुमार चौधरी, केशव राम ध्रुव और उदय पांडेय के शव की शिनाख्त उनके परिजनों ने कर ली मगर एक शव रह गया। बीएन राजपूत के परिजनों ने कहा कि इन 9 शवों में कौन सा उनका है, वे नहीं पहचान पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में पुलिस प्रशासन ने किसी भी परिवारजन को शव देने से इनकार कर दिया। आखिर में सभी शव का डीएनए टेस्ट कराने का निर्णय किया गया। अब शव का अवशेष जांच के लिए मेडिकल कॉलेज रायपुर भेजा जाएगा। इससे पहले दुर्ग जिला चिकित्सालय भेजकर सभी शव का पोस्टमार्टम कराया गया।