
बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगी का नया तरीका (Photo Source- Patrika File Photo)
Retired Employee Fraud: भिलाई में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार ठगों ने रिसाली नगर निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारी को निशाना बनाया। आरोपितों ने बीमा पॉलिसी की रकम लाभ सहित वापस दिलाने का झांसा देकर उनसे 5 लाख 23 हजार 391 रुपये ठग लिए। ठगों ने पॉलिसी सरेंडर कराने और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाए।
कभी चालान राशि तो कभी अन्य औपचारिकताओं का हवाला देकर पांच अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए गए। पीड़ित भूपति कुमार सिंह को जब लंबे समय तक बीमा की रकम वापस नहीं मिली, तब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने रंजीत शर्मा, आरपी गुप्ता सहित अन्य खाताधारकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुष्पक नगर दुर्ग निवासी भूपति कुमार सिंह रिसाली नगर निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उन्होंने अक्टूबर 2023 से सितंबर 2026 के बीच भागीरथी प्रसाद वर्मा और राधिका सिंह के माध्यम से अलग-अलग बीमा कंपनियों में करीब 14 लाख रुपये का बीमा कराया था। उन्हें वरिष्ठ नागरिक योजना के नाम पर बीमा कराने के लिए कहा गया था।
इस दौरान भरोसा दिलाया गया कि पॉलिसी के लिए केवल एक बार प्रीमियम जमा करना होगा और बाद में पूरी रकम लाभ सहित वापस मिल जाएगी। इसी भरोसे में उन्होंने अलग-अलग कंपनियों में बीमा कराया।हालांकि, बाद में प्रीमियम का भुगतान नहीं होने के कारण उनकी बीमा पॉलिसी लैप्स हो गई। इसके बाद बीमा की रकम वापस दिलाने के नाम पर ठगी का सिलसिला शुरू हुआ।
शिकायत के मुताबिक, 31 मार्च 2026 को रंजीत शर्मा नाम के व्यक्ति ने भूपति कुमार सिंह को फोन किया। उसने बीमा पॉलिसी की रकम वापस दिलाने का भरोसा दिया और सरेंडर की प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही। आरोपित ने उनसे सरेंडर फॉर्म भी भरवाया। पीड़ित को लगा कि अब उनकी बीमा पॉलिसी की रकम वापस मिल जाएगी। इसके अगले दिन आरपी गुप्ता नाम के व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और भुगतान जारी कराने के लिए कुछ जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की बात कही।
आरपी गुप्ता ने पीड़ित को बताया कि बीमा की रकम वापस पाने के लिए चार प्रतिशत चालान राशि जमा करनी होगी। उसने व्हाट्सएप के माध्यम से डीटी की प्रति भी भेजी, ताकि पीड़ित को पूरी प्रक्रिया सही लगे और उन्हें किसी तरह का संदेह न हो। इसके बाद आरोपितों ने अलग-अलग कारण बताकर उनसे पैसे जमा कराने शुरू कर दिए। कभी चालान तो कभी अन्य औपचारिकताओं के नाम पर रकम मांगी गई। बीमा की राशि वापस मिलने की उम्मीद में भूपति कुमार सिंह ने आरोपितों के बताए बैंक खातों में पैसे जमा कर दिए।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने पीड़ित से पांच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5 लाख 23 हजार 391 रुपये जमा कराए। रकम जमा कराने के लिए अलग-अलग बहाने बनाए गए, लेकिन इसके बाद भी बीमा पॉलिसी का भुगतान नहीं हुआ। काफी समय बीतने के बाद भी जब पीड़ित को उनकी रकम वापस नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने रंजीत शर्मा और आरपी गुप्ता सहित अन्य खाताधारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब मामले में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और आरोपितों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पांच अलग-अलग खातों में रकम जमा कराए जाने के कारण पुलिस के लिए पैसों के लेनदेन की कड़ियां जोड़ना भी अहम होगा।
यह मामला एक बार फिर बताता है कि बीमा पॉलिसी की रकम वापस दिलाने, सरेंडर कराने या अतिरिक्त लाभ दिलाने के नाम पर साइबर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। खासकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को ऐसे झांसे में लेने की कोशिश की जाती है। किसी अनजान व्यक्ति के फोन पर बीमा भुगतान के नाम पर बैंक खाते में पैसे जमा न करें।
चालान, टैक्स या अन्य प्रक्रिया के नाम पर मांगी गई रकम की पुष्टि संबंधित बीमा कंपनी के आधिकारिक माध्यम से जरूर करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल सुपेला पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ठगी की रकम किन खातों में गई और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
19 Nov 2026, 1:39 PM IST
Published on:
19 Nov 2026, 1:39 PM IST
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़




