बेमेतरा

ये क्या, अधिकारियों ने शौचालय बनाए बिना ही चहेतों को बांट दी राशि, वास्तविक हितग्राही दर-दर भटकने मजबूर

हाथाडांडू के ग्रामीणों ने की अनियमितता की शिकायत, सरपंच व सचिव के कहने पर ग्रामीणों ने कर्ज लेकर किया था शौचालय का निर्माण
2 min read
Clean India Mission, Toilet fund scam, Scam, Bemetara Breaking news
ये क्या, अधिकारियों ने शौचालय बनाए बिना ही बांट दी राशि और वास्तविक हितग्राही दर-दर भटकने हैं मजबूर

बेमेतरा. नवागढ़ जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत हाथाडंाडू के ग्रामीणों ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए शौचालय की राशि और रोजगार गारंटी के तहत किए गए काम की मजदूरी नहीं मिलने की शिकायत कलक्टर से की है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में हुए निर्माण कार्यों में सरपंच-सचिव द्वारा भारी अनियमितता करने की शिकायत करते हुए जांच की मांग की है। ग्राम पंचायत हाथाडांडू के ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा शौचालय निर्माण के लिए प्रोत्साहन राशि देने में अनियमितता बरती जा रही है।
120 परिवारों को दिया गया है 5-5 हजार रुपए का चेक
गांव के छन्नूलाल, रेखराम, मालिक राम, मुकेश कुमार, जीवन, अनुज कुमार, परसुराम, नरेश कुमार, ज्वाला प्रसाद, परदेसी, रामप्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें शौचालय निर्माण के बाद भी एक रुपए नहीं दिया गया है। वहीं गांव के उन लोगों को 10 हजार रुपए का चेक दे दिया गया है, जिन्होंने शौचालय का निर्माण नहीं कराया है। यहीं नहीं गांव के 120 परिवारों को 5-5 हजार रुपए का चेक दिया गया है।
रोजगार गारंटी के काम में गफलत
ग्राम पंचायत हाथाडांडू के आश्रित ग्राम नवागांव के मगरहा तालाब गहरीकरण के कार्य एवं जूनाडांडु में सड़क मिट्टी का कार्य और कतरी कार्य अश्वनी से लेकर तिलक के खेत तक हुआ है, जिसमें कतरी सड़क पर ही पड़ा हुआ है। बारिश आने वाली है, लेकिन उसे फैलाने की जहमत नहीं उठाई जा रही है। शांति के घर से खार तालाब तक मिट्टी का कार्य हुआ है, जिसमें रोजगार सहायक और सरपंच द्वारा फर्जी मस्टर रोल भरने की शिकायत ग्रामीणों ने की है।
सीसी रोड और भवन निर्माण में गड़बड़ी
ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम जूनाडांडु में 5 लाख रुपए गली सीमेंटीकरण के लिए स्वीकृत हुआ, जिसमें पूर्व में हुए गली सीमेंटीकरण के ऊपर ही 3 ईंच का लेप लगाकर सरपंच के द्वारा कार्य पूर्ण दिखाकर राशि आहरण किया गया है। हाथाडांडु व जूनाडांडु में वर्ष 2015 -16 में नाली निर्माण कार्य स्वीकृत है, कार्य प्रारंभ होने का बोर्ड भी लगा दिया गया है, उसमें कुछ राशि कार्य आरंभ करने आहरित भी किया जा चुका है, लेकिन निर्माण के लिए एक ईंट भी नही रखी गई है।

Published on:
08 Jun 2018 06:30 am