
Betul News : मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के सारनी के अंतर्गत आने वाले कोयलांचल इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि, क्षेत्र में स्थित आरना/मोहित ज्वेलर्स की दुकान से एक शातिर चोर झांसा देकर तिजोरी में रखी सोने की पोटली लेकर फरार हो गया है। हालांकि, ये घटना एक दिन पहले की बताई जा रही है, पर बुधवार को इस हैरतंगेज चोरी की वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें शातिर चोर बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम देकर फरार होता दिखाई दे रहा है। फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित ज्वेलर्स संचालक ने बताया कि, चोरी गई पोटली में सोने के जेवर रखे थे, जिसकी कीमत तकरीबन 20 से 25 लाख रुपए है। पीड़ित ने बताया कि, चोर ने इतने शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया है कि, अगर ज्वेलरी की पोटली गायब होने के बाद हम सीसीटीवी अच्छी तरह नहीं खंगालते तो चोरी की घटना होने की हमें भनक तक नहीं लग पाती। फिलहाल, फुटेज के आधार पर पीड़ित ने सारनी थाने में मामला दर्ज कराया है।
ज्वेलर्स दुकान के संचालक अरविंद सोनी का कहना है कि, घटना के वक्त दुकान पर उनकी बेटी बैठी थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और उसने दुकान में मौजूद बच्ची से जेवर दिखाने को कहा। उसने बच्ची को बातों में उलझाकर ध्यान भटकाया और हाथ बढ़ाकर बड़े शातिर ढंग से खुद तिजोरी में हाथ डालकर पलक झपकते ही तिजोरी से करीब 1.25 ग्राम (पोटली के अनुमानित वजन/संख्या के अनुसार जेवरात) सोने की पोटली निकाली और चुपके से अपनी जेब में रख ली।
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी के भागने का पूरा रूट इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। वारदात के तुरंत बाद एक नीले रंग की टी-शर्ट पहने युवक मोटरसाइकिल लेकर दुकान के पास से निकलता है। आगे जाकर बत्रा हार्डवेयर और जियो पेट्रोल पंप के सामने बाइक रुकती है, जहां दुकान से चोरी कर निकला मुख्य आरोपी गाड़ी के पीछे बैठा और दोनों तेजी से सारनी की तरफ भाग निकले।
घटना के बाद ज्वेलर्स एसोसिएशन और स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सारनी पुलिस को शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के करीब दो घंटे बाद यही कैप लगाए चोर सारनी स्थित 'आकाश ज्वेलर्स' की दुकान में भी दिखा था। आकाश ज्वेलर्स के कैमरों में भी इसकी तस्वीरें स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं।
व्यापारियों और पुलिस ने अपील की है कि सीसीटीवी फुटेज या फोटो में दिख रहे इस हुलिए के व्यक्ति के संबंध में अगर किसी को भी कोई जानकारी मिलती है, तो तुरंत सारनी पुलिस या पीड़ित परिवार को सूचित करें। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि, हुलिए और गाड़ी के रूट के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।