
Betul Child Murder Case: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक 12 साल के मासूम बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है । घटना मुलताई थाना क्षेत्र के ताईखेड़ा गांव की है जहां 12 साल के बच्चे की हत्या करने के बाद आरोपियों ने उसके शव को बोरी में भरकर गहरी खाई में फेंक दिया। बच्चा 20 जून को लापता हुआ था और परिजन व पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के अंदर बच्चे की हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ में जुटी हुई है।
ताईखेड़ा गांव में रहने वाली संगीता आहके नाम की महिला ने 22 जून को मुलताई थाने अपने 12 साल के बेटे अंकुश आहके की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला संगीता ने बताया कि बेटा दोपहर से लापता है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और मामले की जांच शुरु कर बच्चे की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्चे अंकुश को गांव का ही रहने वाला सुदामा इनावती खेलने के बहाने अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद जब पुलिस ने आरोपी सुदामा को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपने साथी राकेश उइके के साथ मिलकर बच्चे की हत्या करना और शव को बोरी में भरकर खाई में फेंकने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपी सुदामा से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी शादी को करीब 12 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उसके संतान नहीं थी। उसे शक था कि अंकुश की मां जादू-टोना करती है और उसी के जादू-टोने के कारण वो पिता नहीं बन पा रहा है। इसी अंधविश्वास के चलते आरोपी ने महिला संगीता के बेटे की हत्या करने की साजिश रची। आरोपी सुदामा ने राकेश उइके को अपनी साजिश में शामिल किया और पहले तो बच्चे अंकुश को खेलने के बहाने अपने साथ गांव से दूर ले गया। वहां पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या की और फिर शव को बोरी में बांधकर सालईढाना गांव के पास जंगल में खाई में ले जाकर फेंक दियाय़
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खाई से बच्चे का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। इधर बच्चे की हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विकास पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि सुदामा ने बच्चे की हत्या बलि देने के इरादे से की है।