MP News: छत से गिरते वक्त गमले से टकराने से कम हुई रफ्तार, पहली मंजिल से गिरने के बावजूद बच्ची को आईं मामूली खरोंचें।
MP News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गमले की वजह से एक डेढ़ साल की बच्ची की जान बच गई। बच्ची घर की पहली मंजिल से गिरी थी लेकिन जमीन पर गिरने से ठीक पहले वो गमले से हल्के से टकरा गई जिससे उसके गिरने की रफ्तार कम हो गई और फिर वो जमीन पर गिरी। बच्ची के गिरते ही परिवार में हड़कंप मच गया तुरंत बच्ची को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची पूरी तरह से ठीक है और उसे मामूली खरोंचें आई हैं।
घटना बैतूल जिले के मुलताई के अंबेडकर वार्ड की है। यहां रहने वाले भानू बगाहे ने बताया कि रात करीब 8 बजे उनकी डेढ़ साल की बेटी घर की छत पर बालकनी के पास खेल रही थी। अचानक खेलते-खेलते बच्ची छत से नीचे गिर गई। बच्ची को तुरंत परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच कर बताया कि बच्ची को केवल मामूली खरोंचें आई हैं। जिसे सुनकर परिजनों ने राहत की सांस ली।
बच्ची के छत से गिरने की घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। कैमरे में दिख रहा है कि गिरते वक्त बच्ची एक गमले से टकराई थी। आशंका जताई जा रही है कि गिरते वक्त बच्ची के गमले से टकराने से उसकी रफ्तार कम हो गई और इसके बाद वो जमीन पर गिरी। इसी कारण उसकी जान बच गई है। पहली मंजिल से गिरने के बावजूद बच्ची को मामूली चोट आने की ये घटना हैरान कर देने वाली है। घटना सजग भी करती है कि छत पर, बालकनी में या सीढ़ियों पर बच्चों को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए।
इधर भोपाल में एक महिला की घर की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना शहर के निशातपुरा थाना क्षेत्र की संजीव नगर कॉलोनी की है। यहां रहने वाले वेटनरी डॉक्टर विनोद शुक्ला की पत्नी संध्या शुक्ला (48 वर्ष) की घर की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। बताया गया है कि संध्या तीसरी मंजिल पर खड़ी होकर पड़ोसी से बात कर रही थी इसी दौरान अचानक नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।