
Betul news:मध्यप्रदेश के बैतूल शहर की रहने वाली प्रखर जैन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे है। बता दें कि प्रखर जैन सिविल जज रह चुकी है लेकिन नौकरी के 6 महीने के अंदर ही उन्होंने नौकरी से त्याग पत्र दे दिया और सन्यास धारण कर लिया है। अब वे जैन साध्वी बन गईं हैं। प्रखर के पिता का सपना था कि उनकी बेटी जज बने इसलिए उन्होंने पिता के सपने को पूरा किया लेकिन सिविज जज के रूप में उन्होंने तलाक के कई केसों को देखा। इन केसों को देखकर उनका सांसारिक मोह माया वाले जीवन से मोह भंग हो गया और उन्होंने वैराग्य चुनने का फैसला लिया। जिसके बाद वे जैन साध्वी बन गईं हैं। उनके इस फैसले को परिवार ने भी स्वीकार कर लिया है। प्रखर जैन अब आर्यिका 105 सुवेधा श्री कहलाएंगी। उनके साथ ही अन्य पांच महिलाओं की भी दीक्षा हुई है। इनमें सीए से लेकर सामजसेवी तक थीं।

बीच में साफा और चश्मा पहने प्रखरश्री दीदी
प्रखर केशलोचन प्रकिया कराकर साध्वी बनी है। बता दें कि केशलोच (या केशलोचन / केश लुंचन) जैन धर्म में साधु और साध्वियों द्वारा की जाने वाली एक कठिन तपस्या है। जिसमें कैंची या उस्तरे का उपयोग नहीं किया जाता है। इस प्रकिया में हाथों से सिर और चेहरे के बाल उखाड़े जाते है। इसके पीछ कई तर्क माने जाते है। माना गया है कि बाल शारीरिक सौंदर्य को बढ़ाते है। हाथों से बालों को हटाने पर रूप और देह के प्रति आसक्ति कम होती है। उस्तरे या कैंची के प्रयोग से त्वचा पर मौजूद सूक्ष्म जीवों को होने वाली संभावित हिंसा से बचने के लिए हाथों से एक-एक बाल को हटाया जाता है।
इस प्रक्रिया में काफी ज्यादा दर्द होता है लेकिन इसी के माध्यम से साधना धैर्य, आत्मसंयम और कष्ट सहने की क्षमता को परखा भी जाता है। जिससे कर्मों की निर्जरा मानी जाती है। जैन परंपरा में केशलोचन साल में एक या दो बार किए जाने की परंपरा बताई गई है। बाहर से देखने पर केशलोचन एक कठिन और दर्दनाक प्रक्रिया लग सकती है, लेकिन जैन साधना में इसका अर्थ बहुत गहरा है।
दीक्षा के समय तथा उसके बाद परंपरा और साधना के अनुसार 2 से 4 महीने या अन्य निर्धारित अंतराल पर केशलोच की प्रक्रिया को किया जाता है। यह दिगंबर मुनियों के 28 मूल गुणों में शामिल है। कई साधु-संत इस प्रक्रिया के दौरान या बाद में उपवास या मौन रखकर संभावित सूक्ष्म जीवों की विराधना का प्रायश्चित करते हैं।
माना जाता है कि जब भी कोई इंसान वैराग्य धारण करता है तो वह अपने पुराने सांसारिक जीवन से दूरी बनाने का संकल्प लेता है। दीक्षा लेने की प्रकिया में केशलोचन परंपरा इसी बदलाव का एक प्रतीक मानी जाती है। इस परंपरा के होने पर इंसान अपने शरीर के प्रति लगाव को खत्म कर देता है और वैराग्य धारण करता है।
बता दें कि प्रखरश्री दीदी ने बीए, एलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई की है। शिक्षा के दौरान गोल्ड मेडल हासिल करने के साथ उनका चयन सिविल जज के पद पर हुआ था। वे एलआईसी में कार्यरत जितेंद्र कुमार जैन की एकमात्र पुत्री हैं। वैराग्य का मार्ग अपनाने वाली ब्रह्मचारिणी प्रखरश्री दीदी सहित पांच दीक्षार्थी बहनों का बैतूल में भव्य स्वागत किया गया। नगर गौरव प्रखरश्री दीदी के आगमन पर सकल जैन समाज ने पुष्पमालाओं और जयकारों के साथ पांचों बहनों की अगवानी की। पांचों दीक्षार्थी बहनों का मुख्य जैनेश्वरी दीक्षा समारोह 24 नवंबर को जैन सिद्ध क्षेत्र सोनागिरि में आयोजित होगा।