भदोही

भदोही में 3.2 करोड़ के गांजा संग 4 तस्कर गिरफ्तार, कंटेनर से बरामद हुआ माल, कार से रेकी कर बताते थे रास्ता

Bhadohi news: कोईरौना पुलिस और स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 3 करोड़ रुपए से अधिक का गांजा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान 4 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है..
2 min read
May 20, 2026
Bhadohi police ganja recovery
Pc-Bhadohi Police

भदोही: कोईरौना पुलिस और स्वाट टीम ने कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 3 करोड़ रुपए से अधिक का गांजा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान 4 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो लग्जरी कार से कंटेनर के आगे चलकर चालक को रास्ता बताते थे। पुलिस ने कार और ट्रक को जब्त कर लिया है, इसके साथ ही आरोपियों को जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि बरामद किए गए गांजा को पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में खपाने की तैयारी चल रही थी।

604 किलो गांजा बरामद

थाना कोईरौना पुलिस और स्वाट टीम ने 3 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपए का गांजा बरामद किया है। बताया जा रहा है कि एक कंटेनर से 604.20 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस दौरान एक चार पहिया वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि भावापुर नहर पुलिया के पास बर्रिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक क्रेटा कार को रोका गया। उसके कुछ देर बाद ही एक कंटेनर वहां पहुंचा और उसकी तलाशी लेने के बाद उसमें से गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने बताया कि इस दौरान मौके से चार लोग पकड़े गए हैं, जो गांजा की तस्करी किया करते थे। पुलिस के मुताबिक, कार सवार युवक पहले आगे चलकर रास्ता देखते थे और रेकी करते थे। इसके बाद वे ट्रक चालक को रास्ता साफ होने की जानकारी देते थे और कंटेनर चालक उस रास्ते पर आगे बढ़ जाया करता था, लेकिन इसी बीच वे पुलिस के चंगुल में फंस गए।

पूर्वांचल में होनी थी सप्लाई

गिरफ्तार किए गए तस्करों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया है कि वे इस गांजा की खेप को उड़ीसा से लेकर चले थे और भदोही और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में इसकी सप्लाई करनी थी। पकड़े गए तस्करों ने बताया कि वे तस्करी कर गांजा को उड़ीसा से पूर्वी उत्तर प्रदेश में लाते हैं और ऊंचे दामों पर इसे बेच दिया जाता है। इस दौरान तस्करों ने बताया कि उसके गैंग का सरगना त्रिशूल जायसवाल है और उसके कहने पर ही गांजा की खेप उड़ीसा से मंगाई जाती थी।

जेल भेजे गए आरोपी

पूछताछ के दौरान तस्करों ने बताया कि इस तस्करी के खेल में और लोग भी शामिल हैं, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। आरोपियों ने बताया कि गांजा को बेचे जाने के बाद जो पैसे प्राप्त होते थे उसे आपस में बांट लिया जाता था। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर गैंग के सरगना की तलाश की जा रही है। फिलहाल, सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं स्थानीय थाने पर एनडीपीएस एक्ट और 207 मोटर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

Updated on:
20 May 2026 01:36 pm
Published on:
20 May 2026 01:36 pm