भारत

अप्रैल में ही आग उगलने लगा मौसम! 19 से 24 अप्रैल के बीच बढ़ेगी गर्मी, इन राज्यों में Heatwave Alert जारी

IMD Heatwave Alert: अप्रैल में ही गर्मी ने जोर पकड़ लिया है और कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज लू चलने वाली है। तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए की राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Apr 19, 2026
India weather forecast, April weather India, IMD Heatwave Alert
प्रतीकात्मक तस्वीर

IMD Heatwave Alert: अप्रैल का महीना अभी आधा ही बीता है, लेकिन गर्मी ने अभी से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। अप्रैल की गर्मी के इस रूद्र रूप की वजह से ऐसा लगने लगा है जैसे जून आ गया हो। सुबह से ही सूरज की तेज किरणें चुभने लगती हैं और दोपहर तक धूप के साथ लू चलने की वजह से हाल ऐसा हो जाता है कि बाहर निकलना किसी चैलेंज से कम नहीं लगता। हालात ऐसे बन गए हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

उत्तर भारत में आग जैसी गर्मी है, हालांकि वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर और कई राज्यों में बारिश की वजह से गर्मी से थोड़ी राहत है। भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा तेज होने वाली है और कई राज्यों में लू (Heatwave) का खतरा बना हुआ है।

तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी

देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने के संकेत हैं। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 19 से 24 अप्रैल के बीच तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे लोगों को ज्यादा गर्मी महसूस होगी। वहीं पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 2 से 3 डिग्री तक तापमान बढ़ने के आसार हैं।

इन राज्यों में लू का अलर्ट (Heatwave Alert)

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 अप्रैल को लू चलने का अलर्ट है। वहीं पूर्वी राजस्थान और ओडिशा में 19 से 22 अप्रैल तक तेज गर्मी पड़ेगी, और पश्चिमी राजस्थान में 21-22 अप्रैल को गर्म हवाएं और तेज हो जाएंगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 19 अप्रैल को ही गर्मी अपना असर दिखाएगी। वहीं झारखंड में 20-21 अप्रैल के बीच हालात काफी गर्म रहने वाले हैं।

उमस और गर्म रातें बढ़ाएंगी परेशानी

IMD के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार तमिलनाडु, पुडुचेरी और तटीय कर्नाटक में गर्मी के साथ-साथ उमस भी लोगों को परेशान करेगी। केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी हाल कुछ ऐसा ही रहने वाला है। वहीं छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में रात के समय भी गर्मी कम नहीं होगी, यानी रात में भी ठीक से राहत नहीं मिलेगी।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में गर्मी के बीच भारी बारिश भी देखने को मिलेगी। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 19 अप्रैल को बारिश और बर्फबारी हो सकती है, वहीं हिमाचल में भी इसी दिन कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं। पूर्वोत्तर में 19 से 21 अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होने की संभावना है।

अगर पूर्वी भारत की बात करें तो 19 अप्रैल को बिहार में, 21 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल और सिक्किम में और 22 अप्रैल तक ओडिशा में हल्की से तेज बारिश होने के आसार हैं।

दक्षिण भारत में कर्नाटक में 19 से 22 अप्रैल तक बारिश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 19 से 22 अप्रैल के बीच, और केरल में 20 से 22 अप्रैल तक बारिश की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों जैसे मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 19 से 22 अप्रैल तक और कोंकण-गोवा में 20-21 अप्रैल को बारिश हो सकती है।