
Chhath Puja : दिवाली की रौनक के बाद देश में अब चार दिनों तक लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की धूम रहेगी। नहाय- खाय के साथ 13 नवंबर से छठ महोत्सव की शुरुआत हो चुकी है। इसके लिए तालाबों, जलाशयों और छठ घाटों पर तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। घाटों पर श्रद्धालु सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करेंगे। घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और पूजन के लिए वेदियां तैयार की जा रही हैं। भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए कुछ शहरों में श्रद्धालुओं का अग्रिम पंजीयन भी किया जा रहा है। छठ पूजा के चलते घाटों पर साफ, सफाई, रंग, रोंगन, विद्युत साज, सज्जा, चेंजिंग रूम आदि व्यवस्थाएं की जा रही हैं। छठ पर सूर्यदेव की श्रद्धापूर्वक पूजा करने से अच्छी नौकरी, करियर के साथ सम्मान भी बढ़ सकता है।
छठ का पर्व दिवाली के छठे दिन से शुरु होकर चार दिनों तक चलता है। यह एक कठिन व्रत है जिसमें माता षष्ठी की पूजा-अर्चना करके पुत्र, पति एवं परिवार के कल्याण की कामना की जाती है। इसे सूर्य पूजा का भी सबसे बड़ा पर्व कहा जाता है । छठ का पर्व वैदिक काल से मनाया जा रहा है। ऋग्वेद में सूर्य पूजन एवं उषा पूजन के रूप में इसका वर्णन है।
पहला दिन 13 नवंबर:
नहाय- खाय: इस दिन से छठ पर्व की शुरुआत हो चुकी । व्रती स्नान कर शुद्धता के साथ सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं और पूजा अर्चना कर, व्रत की तैयारियां शुरू करते हैं।
दूसरा दिन 14 नवंबर-
खरना: दूसरे दिन, निर्जला उपवास के बाद शाम को गुड़ की खीर, रोटी व फल का प्रसाद बनाकर छठी मैया को अर्पित किया जाता है। इसी प्रसाद से शाम को व्रत खोलते हैं, इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है।
तीसरा दिन 15 नवंबर-
संध्या अर्घ्य : इस दिन छठ पूजा का मुख्य आयोजन होता है। व्रती जलाशयों और घाटों पर पहुंचकर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। यह प्रकृति, सूर्य और जीवनदायिनी ऊर्जा के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पर्व है।
चौथा दिन 16 नवंबर-
उषा अर्घ्य और पारायण: इस दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और आरोग्य की कामना की जाती है। इसके साथ ही व्रत का पारायण कर चार दिवसीय महापर्व संपन्न होगा।