
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani)
लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को 'नहाय-खाय' के साथ हो गई है। मुजफ्फरपुर से लेकर भागलपुर और रोहतास तक घाटों पर सुबह से ही व्रतियों की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की और अरवा चावल, चने की दाल, लौकी की सब्जी और अगस्त के फूल का पकवान का प्रसाद ग्रहण किया। छठ पर्व के लिए रेलवे स्टेशनों पर भी खास तैयारियां की गई हैं। भागलपुर जंक्शन पर मिथिला पेंटिंग के जरिए छठ की महिमा को उकेरा गया है, जबकि सासाराम जंक्शन पर लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया है।
मुजफ्फरपुर (बिहार) के सीढ़ी घाट में छठ व्रत करने वाली महिलाएं प्रातः से ही स्नान-पूजा करने के लिए बूढ़ी गंडक नदी पर पहुंचीं। सभी छठ व्रतियों ने बारी-बारी से नदी में स्नान और पूजा की। आश्रम घाट, लकड़ी ढाई घाट, चंदवारा घाट, दादर घाट सहित सैकड़ों घाटों पर महिलाओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की।
सिकंदरपुर सीढ़ी घाट में नहाने आईं सतपुड़ा नीम चौक की रहने वाली रेखा देवी, मोती झील की रहने वाली मधु देवी, पंखा टोली मोहल्ले की रहने वाली रिशु कुमारी और नीलम देवी ने बताया कि नदी में स्नान कर आज से छठ महापर्व शुरू कर रही हैं। आज के दिन अरवा चावल, चना की दाल, लौकी की सब्जी, सेंधा नमक से पकाया हुआ खाना खाएंगी।
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर मिथिला पेंटिंग के माध्यम से छठ व्रत की महिमा को दीवारों पर उकेरने वाली मधुबनी की अलखा देवी ने आईएएनएस को बताया कि छठ पर्व करने के क्या फायदे हैं, उसी का चित्रण भी किया है।
अभी तक अलखा देवी ने भारत में कई रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक जगहों पर मिथिला पेंटिंग के माध्यम से चित्रण किया है। उन्होंने बताया कि मैसूर, भोपाल और दिल्ली के अलावा कई और शहरों में सरकार की मदद से मिथिला पेंटिंग को उकेरा है।
भागलपुर में मालदा रेल डिवीजन के डीआरएम मनीष कुमार ने महापर्व छठ को लेकर भागलपुर रेलवे जंक्शन का निरीक्षण किया। छठ पर्व में घर आने वाले और वापस जाने वाले रेल यात्रियों को रेलवे जंक्शन पर सफर में आसानी हो, इसको लेकर होल्डिंग एरिया, विश्राम स्थल और इन-आउट गेट की व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित भी किया।
आस्था के 4 दिवसीय महापर्व छठ को लेकर रोहतास के बाजारों में रौनक है। दुकानदारों का कहना है कि छठ महापर्व को लेकर बाजारों में विभिन्न प्रदेशों से सभी तरह के फल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। फलों की सप्लाई में कमी नहीं होने के कारण कीमत में उछाल आने की संभावना अगले दिनों तक नहीं है। वर्तमान कीमत पर फिलहाल फलों की बिक्री बाजारों में जारी रहेगी।
सासाराम जंक्शन पर सदर अस्पताल सासाराम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है, जहां विभिन्न तरह की जांच निःशुल्क की जा रही है। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर विभिन्न प्रदेशों से अपने घर बिहार लौटने वाले लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
छठ महापर्व की शुरुआत आज हो गई है और इसका समापन 16 नवंबर, सोमवार को उषा अर्घ्य और पारण के साथ होगा। छठ पूजा के दूसरे दिन 14 तारीख को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा करने के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस प्रसाद में खासतौर पर गुड़ की खीर, रोटी और फल शामिल होते हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। इस दौरान व्रती न तो कुछ खाते हैं और न ही पानी पीते हैं।
छठ महापर्व का तीसरा दिन सबसे खास माना जाता है। इस दिन व्रती नदी, तालाब या किसी जलाशय के किनारे पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। पूजा के लिए बांस के सूप और टोकरी में ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य पारंपरिक प्रसाद सजाए जाते हैं।
छठ पूजा का चौथा और आखिरी दिन उषा अर्घ्य के साथ पूरा होता है। इस दिन व्रती सुबह सूर्योदय से पहले ही घाट पर पहुंच जाते हैं और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसके बाद छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा करके परिवार के कल्याण की प्रार्थना की जाती है। पूजा संपन्न होने के बाद व्रती पारण करते हैं। इसी के साथ करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हो जाता है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
13 Nov 2026, 12:38 PM IST
Published on:
13 Nov 2026, 12:37 PM IST
बड़ी खबरें
View AllPatrika+




