भरतपुर

Rajasthan : भरतपुर बनेगा कौशल विकास का मॉडल जिला, जानिए क्या होगा फायदा

Rajasthan : कौशल विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में भरतपुर को देश के चुनिंदा पायलट प्रोजेक्ट जिलों में शामिल किया गया है। यूपी का भी एक जिला चुना गया है। जानिए क्या होगा फायदा?

2 min read
Bharatpur become model district for skill development know what benefits
फोटो - AI

Rajasthan : कौशल विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में भरतपुर को देश के चुनिंदा पायलट प्रोजेक्ट जिलों में शामिल किया गया है। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की ओर से संचालित स्किल डेवलपमेंट फोर यू कार्यक्रम के तहत युवाओं की क्षमता, रुचि और स्थानीय जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार किया जाएगा। कौशल विकास मंत्रालय के सलाहकार एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. आई.वी. सुब्बाराव ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन के साथ बैठक कर जिले में कौशल विकास और रोजगार की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।

डॉ. आई.वी. सुब्बाराव ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बागपत और राजस्थान के भरतपुर को पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। कार्यक्रम के तहत युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने के साथ कैरियर काउंसलिंग भी की जाएगी।

युवाओं का डाटाबेस तैयार करें, रुचि अनुसार प्रशिक्षण योजनाएं बनाएं

डॉ. सुब्बाराव ने निर्देश दिए कि 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का डाटाबेस तैयार कर उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण योजनाएं बनाई जाएं। कृषि, डेयरी, पर्यटन, स्वास्थ्य, सेवा क्षेत्र, औद्योगिक क्षेत्र, उद्यमिता और लघु दस्तकारी जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा।

सभी विभाग समन्वय संग कार्ययोजना करें तैयार - जिला कलक्टर

जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने टीटीजेड और एनसीआर क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए कृषि एवं डेयरी आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बैठक में सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी जिले में कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

भरतपुर - विश्व रिकॉर्ड के लिए 14 जून को होगा महायोग

भरतपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 जून को देशव्यापी ऑनलाइन योग सत्र किया जाएगा। आयुष मंत्रालय भारत सरकार और हैबिल्ड हेल्थ टेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्त्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम का लक्ष्य एक साथ सर्वाधिक लोगों की ओर से योगाभ्यास कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना है।

जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि 21 जून को मनाए जाने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की श्रृंखला में यह विशेष योग सत्र 14 जून को सुबह 6.15 बजे से 7.35 बजे तक यूट्यूब प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगा। इसमें देशभर से लाखों लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी अपने मोबाइल से टोल फ्री नंबर 18003157008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन योग सत्र का लिंक भेजा जाएगा, जिससे प्रतिभागी कार्यक्रम में जुड़ सकेंगे। जिला कलक्टर ने सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, योग साधकों, वरिष्ठ नागरिकों और आमजन से अधिकाधिक भागीदारी का आहवान किया।

उन्होंने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और सामाजिक समरसता का भी सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन स्वस्थ भारत के निर्माण के साथ देश को एक नए विश्व रिकॉर्ड की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Updated on:
05 Jun 2026 12:18 pm
Published on:
05 Jun 2026 12:15 pm