
भरतपुर: करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने की तैयारी कर रही 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरती की मौत की खबर के बाद आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर पीहर और ससुराल पक्ष की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। हंगामे के बीच अस्पताल परिसर में मौजूद गार्डों ने दोनों पक्षों को अलग किया। घटना अटलबंद थाना क्षेत्र की विजय नगर कॉलोनी की है।
बता दें कि आरती की शादी चार साल पहले पंकज कुमार से हुई थी। दंपती का दो साल का बेटा है। मामले में पीहर पक्ष की ओर से अटलबंद थाने में ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया गया है।
कुरका गांव निवासी पीहर पक्ष के सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष आरती को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। बुधवार सुबह ससुराल पक्ष की ओर से उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि आरती को एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो चुकी थी।
दूसरी ओर, मृतका की सास निर्मला ने पीहर पक्ष के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि आरती और उनका बेटा पंकज दिल्ली में रह रहे थे। दोनों नुमाइश मेला देखने के लिए भरतपुर आए थे। करवा चौथ की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं। निर्मला के अनुसार, बुधवार सुबह आरती ने सिरदर्द होने की बात कही और अचानक बेहोश हो गई। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अटलबंद थाना प्रभारी हेमेन्द्र चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। वहां दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया गया। इसके बाद मृतका का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार, पीहर पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।