भरतपुर

Rajasthan: पत्नी ने हत्या कर बाथरूम में गाड़ दिया पति का शव, प्लास्टर-टाइल्स बिछाकर छिपाया राज

आगरा में भरतपुर निवासी एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने पति की हत्या करने के बाद उसके शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद ऊपर से प्लास्टर और टाइल्स लगवाकर पूरे सबूत मिटाने की कोशिश की।
2 min read
Jul 03, 2026
wife-murders-husband
पत्नी रूबी और मृतक सुरेन्द्र। फोटो पत्रिका नेटवर्क

भरतपुर। आगरा में भरतपुर निवासी एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने पति की हत्या करने के बाद उसके शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इसके बाद ऊपर से प्लास्टर और टाइल्स लगवाकर पूरे सबूत मिटाने की कोशिश की और करीब 45 दिन तक पति के लापता होने का नाटक करती रही। आखिरकार भाई के शक और पुलिस की जांच में बाथरूम की खुदाई हुई तो फर्श के नीचे से कंकाल बरामद हो गया।

मूल रूप से भरतपुर के रंजीत नगर निवासी सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, दो बेटियों और मां के साथ रहते थे। उनकी शादी वर्ष 2010 में इटावा निवासी रूबी से हुई थी। 18 मई से सुरेंद्र अचानक लापता बताए जा रहे थे। बाद में 26 मई को पत्नी ने थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई और लगातार परिवार व पड़ोसियों को यही बताती रही कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं।

सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा को शुरू से ही पूरे घटनाक्रम पर संदेह था। उन्होंने बताया कि 18 मई को रूबी का फोन आया था कि पुलिस घर पर दबिश दे रही है और मां व दोनों बच्चियों को वहां से ले जाने को कहा। वह उन्हें अपने घर ले आए। बाद में रूबी भी वहां पहुंच गई और कहने लगी कि सुरेंद्र चार-पांच दिन में लौट आएंगे। समय बीतता गया, लेकिन सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच भाई को लगातार संदेह बना रहा।

पत्नी ने खुद कबूला, बाथरूम में गाड़ रखा है

शुक्रवार सुबह मामले ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया, जब रूबी ने खुद अनिल शर्मा को घर बुलाया। अनिल के अनुसार, जब उन्होंने सुरेंद्र के बारे में पूछा तो रूबी ने बताया कि उसने सुरेंद्र को मारकर बाथरूम में दफाना दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाथरूम की फर्श तुड़वाकर खुदाई कराई, जहां नीचे दबा हुआ सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

हत्या के बाद बुलाए मिस्त्री, कराया प्लास्टर और टाइल्स

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाया गया। इसके बाद मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया गया और ऊपर नई टाइल्स लगवा दी गईं, ताकि किसी को जरा भी शक न हो। पूछताछ में रूबी ने पुलिस को बताया कि उसने डेढ़ महीने पहले मिस्त्री और मजदूर बुलाकर प्लास्टर और टाइल्स लगवाई थीं। इससे बाथरूम बिल्कुल सामान्य दिखाई देता था। पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी वारदात को अकेले अंजाम देना आसान नहीं था। इसलिए जांच इस पहलू पर भी की जा रही है कि हत्या और शव को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति ने भी मदद की थी या नहीं।

शराब को लेकर होता था विवाद

परिजनों के अनुसार सुरेंद्र कोई काम नहीं करते थे और शराब पीने की लत थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस अब घरेलू विवाद, आर्थिक कारण और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Updated on:
03 Jul 2026 10:08 pm
Published on:
03 Jul 2026 10:08 pm