मथुरा गेट थाना अंतर्गत एसटीसी हाउसिंग बोर्ड में सोमवार शाम घर के पास साइकिल चला रहे एक 14 वर्षीय बालक में तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया
भरतपुर. मथुरा गेट थाना अंतर्गत एसटीसी हाउसिंग बोर्ड में सोमवार शाम घर के पास साइकिल चला रहे एक 14 वर्षीय बालक में तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे परिजन जिला आरबीएम अस्पताल ले गए, जहां से उसे रैफर कर दिया। बालक की बाद में आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, मामले में थाने में बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट कराई गई है।
आरबीएम चौकी के हैड कांस्टेबल बृजेन्द्र मीणा ने बताया कि घटना को लेकर कृष्णकिशोर पुत्र रामभरोसी शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उसके भाई ललित किशोर का पुत्र परेश (14) शाम के समय मकान के पीछे साइकिल चला रहा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार टक्कर मार कर गया। बाइक पर जघीना लिखा था और चालक भूपेन्द्र पुत्र बाबू जाटव निवासी रीको रोड किशनपुरा सेक्टर 4 था। हादसे के बाद घायल बालक परेश को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे रैफर कर दिया। परिजन कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे आगरा एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अचानक हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों में परेश अकेला था।
सर्पदंश से युवक की मौत
नदबई. लखनपुर थाना क्षेत्र के गांव बछामदी निवासी एक युवक की खेत पर चारा काटने के दौरान सर्प दंश से मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार बछामदी निवासी मधुसूदन सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह जाट खेत पर चारा लेने गया थाए जहां चारा काटते समय सर्पदंश से उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।