18 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भरतपुर मेयर चुनाव में बड़ा उलटफेर: निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह ने नामांकन वापस लिया, अनुराधा का महापौर बनना तय

भरतपुर नगर निगम मेयर चुनाव में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह ने नामांकन वापस ले लिया। इससे पहले राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से करीब दो घंटे तक वार्ता हुई। इसके बाद भाजपा की अनुराधा सिंह के निर्विरोध मेयर निर्वाचित होने का रास्ता साफ हो गया।
3 min read
Google source verification
independent vichitra singh withdraws nomination

Vichitra Singh Withdraws Nomination (Patrika Photo)

Bharatpur Mayor Election 2026: भरतपुर नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया। निर्दलीय मेयर प्रत्याशी विचित्रा सिंह ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके साथ ही भाजपा की अनुराधा सिंह के निर्विरोध मेयर निर्वाचित होने का रास्ता साफ हो गया है।

जानकारी के अनुसार, नामांकन वापसी से पहले गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि यह बातचीत विचित्रा सिंह की बाड़ेबंदी के दौरान हुई। इसके बाद गृह राज्यमंत्री खुद विचित्रा सिंह के पति और भरतपुर के पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट के होटल शिव विलास पैलेस पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच चुनाव को लेकर चर्चा हुई।

बता दें कि विचित्रा सिंह ने इससे पहले निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनके कांग्रेस के समर्थन में होने का भी दावा किया गया था। ऐसे में उनके मैदान में रहने से मेयर चुनाव में मुकाबला होने की स्थिति बन रही थी। हालांकि, गुरुवार को अचानक नामांकन वापस लेने के बाद चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए।

जानें क्या बोलीं विचित्रा सिंह

नामांकन वापस लेने के बाद विचित्रा सिंह ने कहा कि वे भरतपुर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना चाहती हैं और इसी सोच के साथ उन्होंने यह फैसला लिया है। उनके नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा प्रत्याशी अनुराधा सिंह मेयर पद की एकमात्र दावेदार रह गई हैं। इस घटनाक्रम के बाद भरतपुर नगर निगम मेयर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनुराधा सिंह का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने को लेकर भरतपुर की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

नामांकन के वक्त क्या बोले थे विचित्रा सिंह के पति

विचित्रा सिंह के पति और पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट ने कहा कि हमारे पास पूरा बहुमत है। हर पार्टी के पार्षद हमारे टच में हैं और कांग्रेस भी हमारे साथ है। भाजपा के पास चाहे कितने भी जीते हुए प्रत्याशी हों, लेकिन वोटिंग के समय वे हमारे पक्ष में क्रॉस वोटिंग करेंगे। वहीं, पूर्व विधायक विजय बंसल ने कहा था कि हमारे पास 20 भाजपा पार्षदों के साथ हमारी विचारधारा वाले 24 निर्दलीय और अन्य पार्षद साथ हैं।

कहां किसने किया नामांकन

  • भरतपुर की वैर नगर पालिका अध्यक्ष के पद के लिए भाजपा से ललितेश पूरन धाकड़ और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गीता संजय धाकड़, कांग्रेस से इंद्रा देवी और निर्दलीय नेहा सैनी ने नामांकन दाखिल किया।
  • नदबई नगर पालिका से भाजपा की कमलेश कटारा ने एकमात्र नामांकन दाखिल किया।
  • उच्चैन नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से दिलीप सिंह अम्बेश ने नामांकन भरा है।
  • बयाना में भाजपा से पूर्व अध्यक्ष उषा अग्रवाल और रेखा अग्रवाल ने नामांकन भरा है।
  • रूपवास नगर पालिका में एकमात्र कांग्रेस के दिलीप सिंह गुर्जर ने नामांकन भरा है।
  • भुसावर नगरपालिका में भाजपा से मुकेश तिवारी, निर्दलीय अनीता तिवारी और निर्दलीय प्रीति पांडेय ने नामांकन भरा है।
  • डीग नगर परिषद सभापति के लिए भाजपा से अर्पित गुप्ता ने नामांकन भरा है। भाजपा पार्षद राहुल लवानियां और मालती देवी ने भी निर्दलीय नामांकन भरा है।
  • सीकरी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से चंचल कक्कड़ और निर्दलीय राधा खंडेलवाल ने नामांकन दाखिल किया।
  • बृजनगर नगर पालिका से भाजपा के भान सिंह सोनी और यादराम पटवा ने नामांकन भरा है।
  • पहाड़ी नगर पालिका से भाजपा के शिशुपाल शर्मा ने एकमात्र नामांकन भरा है।
  • कुम्हेर नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से निर्पेश गुप्ता तथा निर्दलीय धवन फौजदार और रविकांत सोनी ने बंटी पार्षद को प्रस्तावक बनाकर नामांकन दाखिल किया है।
  • कामां नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए सत्यदेव शर्मा और निर्दलीय आशा शर्मा ने हाइब्रिड फॉर्मूले के तहत नामांकन भरा है।