भरतपुर

सीएम भजनलाल शर्मा का भरतपुर दौरा : बयाना में जनसभा को करेंगे संबोधित, तैयारियां पूरी

सीएम भजनलाल शर्मा सोमवार को भरतपुर के बयाना दौरे पर रहेंगे। वे बिडयारी में विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
Bhajanlal sharma Bharatpur
CM Bhajanlal Sharma Bharatpur Visit: मुख्यमंत्री की सभा के लिये तैयार किया जा रहा सभा स्थल (फोटो-पत्रिका)

भरतपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को भरतपुर जिले के बयाना क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री बयाना के बिडयारी में विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11.10 बजे जयपुर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे और 11.50 बजे बयाना हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे सड़क मार्ग से बयाना-भरतपुर रोड पर हरनगर मोड़ के पास स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे नायरा पेट्रोल पंप के पास बिडयारी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। दोपहर 12 से 1 बजे तक विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। इसी दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इसके बाद दोपहर 1 से 2 बजे तक मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे करीब 2 बजे कार्यक्रम स्थल से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2.10 बजे हेलीकॉप्टर से अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे।

कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे को लेकर रविवार को कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर तैयारियां अंतिम चरण में रहीं। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलक्टर कमर चौधरी और एसपी राजेश कुमार मीणा ने भी तैयारियों की निगरानी की।

प्रशासन की ओर से हेलीपैड, सभा स्थल, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। हेलीपैड से सभा स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। वहीं भाजपा संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के स्वागत और जनसभा में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर तैयारियां की गई हैं।

‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के बीच दौरा

मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश में चल रहे ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के दौरान हो रहा है। राजस्थान सरकार के अनुसार इसके तहत ‘सेवा सेतु अभियान’ को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 28 सितंबर तक संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा नागरिक सेवाओं से जोड़ना और स्थानीय स्तर पर लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों के निस्तारण को गति देना है।

मुख्यमंत्री ने अभियान की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और सेवा सेतु शिविरों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए थे।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
27 Sept 2026 11:02 pm
Published on:
27 Sept 2026 11:02 pm