भरतपुर

Deeg Zila Pramukh : डीग में बड़ा उलटफेर, भाजपा की रेनू सिंह बनी पहली जिला प्रमुख, कांग्रेस में 7 वोटों की हुई क्रॉस वोटिंग

Deeg Zila Pramukh : डीग की नई जिला प्रमुख भाजपा की रेनू भगत सिंह चुनी गईं। रेनू सिंह को कुल 22 वोट मिले। जबकि भाजपा डीग जिला परिषद की 29 सीटों में से सिर्फ 10 सीट पर ही जीत दर्ज करा सकी थी। इस तरह कांग्रेस में 7 वोटों की क्रॉस वोटिंग हुई।
3 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 7:14 PM IST
deeg zila pramukh election results 2026 renu singh district president rajasthan panchayat chunav cross voting
Deeg Zila Pramukh : भाजपा की रेनू भगत सिंह। फोटो पत्रिका

Deeg Zila Pramukh : डीग. राजनीति में अक्सर ऐसे मोड़ आते हैं जो सभी राजनीतिक आकलन और चुनावी गणित को पूरी तरह से बदल देते हैं। कुछ ऐसा ही डीग जिला प्रमुख के चुनाव में देखने को मिला। भाजपा ने अपने निर्धारित संख्या बल से ज्यादा वोट हासिल कर राजनीतिक समीकरणों को चर्चा में ला दिया है। भाजपा के इस राजनीतिक समीकरण के बड़े उलटफेर में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल नहीं कर सकी। भाजपा प्रत्याशी रेनू सिंह पहली जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं।

जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस के सदस्यों की क्रॉस वोटिंग ने जिले के सियासी समीकरण ही बदल गए। पार्टी के भीतर गुटबाजी के साथ नेतृत्व को लेकर असंतोष के कारण जिला प्रमुख में मजबूत दिखने वाली कांग्रेस अल्पमत में आ गई। जिला परिषद डीग के पहले जिला प्रमुख पद पर भाजपा की प्रत्याशी रेनू सिंह निर्वाचित हुईं। रेनू सिंह को 22 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मुबीना खान को 7 ही मत मिल सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष के अनुसार जिला प्रमुख पद के निर्वाचन में कुल 29 मत डाले गए। सभी मत वैध रहे तथा कोई मत निरस्त या निविदत्त नहीं हुआ। रेनू सिंह को जिला परिषद डीग के प्रमुख पद पर विधिवत निर्वाचित घोषित किया गया। नवगठित जिला परिषद के चुनाव में भाजपा की ओर से जिला प्रमुख को लेकर जोड़-तोड़ की पूरी कोशिश की गई। बहुमत से 5 सदस्य दूर होने के बाद भी भाजपा ने जिला प्रमुख के लिए प्रत्याशी उतारने का फैसला लिया। भाजपा ने कांग्रेस की कलह का पूरा फायदा उठाया और अपना पहला जिला प्रमुख बनाया।

भाजपा ने बड़े बहुमत से दर्ज की जीत

29 सदस्यीय जिला परिषद में बहुमत से दूर भाजपा ने जिले के सियासी समीकरण में कांग्रेस की अंदरूनी कलह का जमकर फायदा उठाया। भाजपा ने 4 निर्दलीय और एक बसपा के साथ 7 कांग्रेस सदस्यों को अपने खेमे में लेकर रेनू सिंह को अपना पहला जिला प्रमुख बनाया है। जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 से निर्वाचित रेनू सिंह एक बड़े होटल व्यवसायी भगत सिंह लोहागढ़ की पत्नी है।

सियासी समीकरणें में उलटफेर करने की रणनीति में कामयाब रही भाजपा

नतीजों के बाद जिला परिषद की कुल 29 सीटों में से कांग्रेस ने 14, भाजपा ने 10, बसपा ने 1 और निर्दलीयों ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जिला प्रमुख के लिए 15 सदस्यों का मत चाहिए था। कांग्रेस 14 सीटों पर जीत दर्ज अपना जिला प्रमुख लगभग तय मान रही थी। वहीं 10 सीटों पर सिमटने वाली भाजपा ने सियासी समीकरणें में बड़ा उलटफेर करने की रणनीति में कामयाब होकर 29 सदस्यीय बोर्ड में 22 मतों के साथ बना बोर्ड बना बैठी।

पत्रिका ने पहले ही बता दिया

जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर मतदान से पहले ही पत्रिका ने 25 नवंबर केे अंक में कांग्रेेस का जिला प्रमुख नहीं बनने को लेकर स्पष्ट किया था। पत्रिका ने कांग्रेस के खेमे से मिले सूत्रों के जरिए खबर प्रकाशित कर बताया कि बहुमत के बाद भी कांग्रेस अपना जिला प्रमुख नहीं बना पा रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की कार्यशैली और उनके लगातार आरोप-प्रत्यारोप के कारण कांग्रेस अपना जिला प्रमुख बनने का सपना खो चुकी है। भाजपा का निर्विरोध जिला प्रमुख नहीं बने, इसलिए कांग्रेस ने किरकिरी से बचने के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

7 कांग्रेस सदस्यों ने की क्रॉस वोटिंग

डीग में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख की कुर्सी नहीं बचा सकी। जिला प्रमुख पद पर भाजपा की रेनू सिंह निर्वाचित हुईं। क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा प्रत्याशी रेनू सिंह को 22 वोट मिले। जिला परिषद में भाजपा के 10 सदस्यों के साथ रेनू सिंह 22 वोट मिले। जिनमें 4 निर्दलीय और ए बसपा के साथ क्रॉस वोटिंग में 7 वोट कांग्रेस के मिले।

26 को उप जिला प्रमुख और 27 को प्रधान का चुनाव

जिला प्रमुख के निर्वाचन के अगले दिन 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव होगा। इसके बाद 27 नवंबर को जिले की सभी पंचायत समितियों के मुख्यालयों पर प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। वहीं, 28 नवंबर को उप प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इन सभी पदों के निर्वाचन में भी जिला प्रमुख चुनाव की तरह ही नामांकन, संवीक्षा, नाम वापसी और आवश्यकता होने पर मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस तरह चार दिनों तक चलने वाली निर्वाचन प्रक्रिया के साथ जिले की जिला परिषद और पंचायत समितियों को नए मुखिया मिल जाएंगे।