भरतपुर

Bharatpur Accident: मां की आंखों के सामने डंपर ने छीन ली बेटी की जिंदगी, मॉर्निंग वॉक बना NEET छात्रा का आखिरी सफर

नदबई कस्बे के खांगरी बाइपास पर एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार डंपर ने मॉर्निंग वॉक पर निकली 17 वर्षीय छात्रा को पीछे से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
2 min read
Jul 05, 2026
payal
नीट छात्रा पायल। पत्रिका फाइल फोटो

भरतपुर। नदबई कस्बे के खांगरी बाइपास पर एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार डंपर ने मॉर्निंग वॉक पर निकली 17 वर्षीय छात्रा को पीछे से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय साथ चल रही उसकी मां बाल बाल बच गई, लेकिन अपनी बेटी को इस तरह खो देने का मंजर उनकी आंखों के सामने ही घटित हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका पायल (17) शनिवार सुबह करीब 5 बजे अपनी मां सुनीता देवी के साथ रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी। सुबह करीब 6.15 बजे जब दोनों खांगरी बाइपास के समीप पहुंचे, तभी भरतपुर जिले के हलैना की ओर से तेज गति से आ रहे डस्ट से भरे डंपर ने पीछे से पायल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पायल डंपर के नीचे आ गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मां सुनीता देवी अपनी बेटी को बचाने की कोशिश करती रह गई, लेकिन सब कुछ पलभर में खत्म हो चुका था। यह मंजर देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और कुछ ही देर में वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही नदबई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। वहीं हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस की ओर से चालक की तलाश की जा रही है।

होनहार छात्रा थी पायल, डॉक्टर बनने का था सपना

परिजनों ने बताया कि पायल पढ़ाई में बेहद मेधावी थी और उसने हाल ही में आयोजित नीट परीक्षा दी थी। वह परिणाम का इंतजार कर रही थी और डॉक्टर बनकर समाज सेवा करने का सपना संजोए हुए थी। परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन एक तेज रफ्तार वाहन ने उसके सभी सपनों को हमेशा के के लिए अधूरा छोड़ दिया।

परिवार की सबसे छोटी बेटी थी, घर में मचा कोहराम

पायल के पिता किसान है और वह परिवार की सबसे छोटी बेटी थी। घर में वह सभी की चहेती और लाड़ली थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं रिश्तेदार और ग्रामीण उन्हें सांत्वना देने में जुटे हुए है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने पर पुलिस में शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंपा।

Updated on:
05 Jul 2026 11:38 am
Published on:
05 Jul 2026 11:38 am