भरतपुर

Deeg Hospital Video Viral: अस्पताल में साइकिल पर पत्नी को इमरजेंसी तक ले गया बुजुर्ग, वीडियो हुआ वायरल

Hospital Viral Video: डीग जिला अस्पताल में एक बुजुर्ग अपनी बीमार पत्नी को साइकिल पर बैठाकर इमरजेंसी वार्ड तक ले गया, जिसका वीडियो वायरल हो गया।

2 min read
Apr 05, 2026
वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर। फोटो- पत्रिका

डीग। जिला अस्पताल से सामने आए एक वीडियो ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक बुजुर्ग अपनी बीमार पत्नी को साइकिल पर बैठाकर सीधे इमरजेंसी वार्ड तक ले गया और इलाज के बाद उसी तरह वापस ले जाता नजर आया। यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

यह वीडियो भी देखें

ये भी पढ़ें

जोधपुर : बाड़मेर रोड पर भाण्डू गांव के पास कार में भीषण आग, स्टील फैक्ट्री मालिक संदिग्ध हालात में जिंदा जला

स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की कमी नहीं

जानकारी के अनुसार, अस्पताल में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की कमी नहीं है, लेकिन वाहन चोरी के डर और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोग अपने दोपहिया वाहन वार्डों तक ले जाने लगे हैं। यही कारण है कि अस्पताल परिसर के भीतर बाइक, स्कूटी और साइकिल का प्रवेश अब आम बात बनता जा रहा है।

स्थानीय निवासी दिनेश ने बताया कि अस्पताल परिसर में पार्किंग की कोई व्यवस्थित सुविधा नहीं है। डॉक्टर, कर्मचारी और मरीजों के परिजनों को अपनी गाड़ियां सड़क पर खड़ी करनी पड़ती हैं। ऐसे में चोरी के डर से लोग मौका मिलते ही वाहन अंदर तक ले जाते हैं।

पीएमओ ने भी स्थिति को स्वीकारा

उन्होंने यह भी कहा कि जब गार्ड मौजूद नहीं होता, तब यह स्थिति और ज्यादा बढ़ जाती है। इस पूरे मामले पर अस्पताल के पीएमओ डॉ. जितेंद्र फौजदार ने भी स्थिति को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो डीग अस्पताल का ही है और संबंधित बुजुर्ग अपनी पत्नी को दिखाने अक्सर आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन किसी अटेंडेंट को यह नहीं कह सकता कि वह मरीज को असुविधा में ले जाए। कई लोग तो मोटरसाइकिल तक अंदर ले आते हैं, जिन्हें रोकना व्यावहारिक रूप से मुश्किल हो जाता है।

पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत

पीएमओ ने बताया कि बुजुर्ग व्यक्ति की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। यदि वह दोबारा आता है तो उससे बात कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी। उन्होंने यह भी माना कि सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत है। वहीं, डीग कोतवाली थाना अधिकारी राम नरेश मीणा ने कहा कि अस्पताल के बाहर से वाहन चोरी के मामले कम सामने आते हैं, लेकिन बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ियों के कारण जाम की समस्या जरूर बनी रहती है। यह घटना अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधन की खामियों को उजागर करती है, जिन पर अब गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

ये भी पढ़ें

High Level Bridge: हाड़ौती क्षेत्र को बंपर सौगात, 256 करोड़ से बनेगा हाईलेवल ब्रिज, ओम बिरला ने किया शिलान्यास

Also Read
View All

अगली खबर