Deeg firing Case: राजस्थान के डीग जिले में सोमवार सुबह हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना से गांव में दहशत फैल गई।
भरतपुर। राजस्थान के डीग जिले में सोमवार सुबह हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना से गांव में दहशत फैल गई। कार सवार बदमाशों ने एक ही परिवार के लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग की। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है।
पुलिस के मुताबिक नगर थाना क्षेत्र के आरसी गांव में मामूली कहासुनी को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक व्यक्ति और उसके दो बेटे घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में नगर से आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी पक्ष ने रविवार रात पीड़ित पक्ष को गालियां दी थी। जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने रात को ही पुलिस को सूचना दे दी थी। सुबह करीब 9 बजे आरोपी पक्ष ने पीड़ित पक्ष के घर जाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
महेंद्र सिंह ने बताया कि कार में सवार होकर आए कुंवर, किशोर, वासुदेव, बलदेव ने आते ही फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें मेरे पिता मनोहरी और मेरे भाई महेंद्र और हेमराज के छर्रे लगे हैं। मेरे भी पैर में एक गोली का छर्रा लगा है।
उसने बताया कि रविवार शाम को कुंवर पक्ष शराब पीकर गालियां दे रहा था। हमने शाम को ही पुलिस को घटना की सूचना दी थी। पुलिस की गाड़ी भी गांव में आई थी। लेकिन, बदमाश आज फिर आ गए और 30 मिनट तक फायरिंग करते रहे। इसके बाद सभी बदमाश फरार हो गए थे।
गोलियां चलते देख आसपास के लोग घरों में छुप गए। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। फायरिंग करने के बाद कुंवर, किशोर, वासुदेव, बलदेव फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को नगर अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें भरतपुर रेफर कर दिया गया है।