
भरतपुर. एमएसजे कॉलेज के जिस खेल मैदान में हमेशा जलभराव की समस्या को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को विरोध का सामना करना पड़ता है वह अब नहीं करना पड़ेगा। क्योंकि नगर सुधार न्यास की ओर से 12 करोड़ रुपए का प्रस्ताव कॉलेज ग्राउंड में स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का निर्माण कराने के लिए तैयार किया गया है।
पहली किश्त के 349 लाख रुपए के टेंडर भी खोल दिए गए। अगले पांच दिन में संबंधित ठेकेदार को कार्य आदेश भी जारी कर दिए जाएंगे। इतना ही नहीं आने वाले दिनों में इस कार्य का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री से कराया जाना प्रस्तावित है। जानकारी के अनुसार कॉलेज ग्राउंड में एमएसजे की करीब 11 हजार वर्ग मीटर भूमि है। इसके लिए पहले एमएसजे कॉलेज की बैठक में विधायक और मेयर की उपस्थिति में प्राचार्य ने प्रस्ताव रखा था। बैठक में इसे यूआईटी से कराने का निर्णय लिया गया था। इस पर यूआईटी ने प्रस्ताव बनाने के बाद एमएसजे कॉलेज के प्राचार्य से स्वीकृति ली।
प्रथम चरण में 1400 मीटर का 4 मीटर चौड़ाई का ट्रैक सिर्फ सुबह और शाम के समय भ्रमण के लिए बनाया जाएगा। इसके दोनों ओर लाइटिंग भी की जाएगी।यथा ही नहीं इसके लिए एक विशाल मंच तैयार कराया जाएगा। एक हॉल, तीन-तीन शौचालय आदि का निर्माण कराया जाएगा। सभी खेलों की सुविधा होगी विकसित यूआईटी सचिव लक्ष्मीकांत बालोत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में करीब तीन साल का समय लगेगा। क्योंकि हर साल इस प्रोजेक्ट के तहत तीन से चार करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाकर स्वीकृत किया जाएगा। क्योंकि इतना बड़ा प्रोजेक्ट एक साथ स्वीकृत करना संभव नहीं था। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद यहां सभी तरह के खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगे। खिलाडिय़ों के लिए अन्य स्थानों पर ग्राउंड व अन्य सुविधाओं के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। एक तरह से यह एक मिनी स्टेडियम से कम नहीं होगा।