भरतपुर

Deeg Police Attack: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, ASI सहित 5 पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर; भरतपुर रेफर

सीकरी थाना क्षेत्र के गांव बूड़ली में अवैध हथियार रखने के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर देर रात हमला कर दिया गया। हमले में सीकरी एसएचओ मुकेश चेची सहित 7 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए।
2 min read
Jun 16, 2026
Deeg Police Attack
घायल पु​लिसकर्मी को अस्पताल लेकर जाते हुए। फोटो: पत्रिका

Bharatpur News: राजस्थान के डीग जिले में पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। जिले के सीकरी थाना क्षेत्र के गांव बूड़ली में अवैध हथियार रखने के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर देर रात हमला कर दिया गया। हमले में सीकरी एसएचओ मुकेश चेची सहित 7 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिनमें से 5 पुलिस​कर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनको भरतपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक सीकरी थाना को सूचना मिली थी कि अवैध हथियार रखने के मामले में फरार चल रहा आरोपी घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रात करीब 12 बजे बूड़ली गांव में दबिश दी। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही आरोपी के घरवाले और गांव के कुछ लोग जमा हो गए। आरोपी को पकड़ने से पहले ही भीड़ ने एक साथ पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया।

हमले के बाद जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी

इस हमले के बाद पुलिसकर्मी जान बचाकर भागने लगे। हमले में सीकरी एसएचओ मुकेश चेची सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना मिलते ही दूसरे पुलिस थाने से अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा। इसके बाद घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जहां से एएसआई सहित 5 पुलिसकर्मियों को गंभीर हालत में भरतपुर रेफर कर दिया। गंभीर घायलों को भरतपुर के जिला अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के बूड़ली गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। आरोपियों की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात

बताया जा रहा है कि दबिश के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर हमला किया। हमले में आरोपियों ने पुलिस पर पथराव के अलावा लाठी डंडों से भी हमला किया। जिसमें पुलिसकर्मी घायल होते गए और जमीन पर गिर गए। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मी बुरी तरह घबरा गए और अपने बचाव के लिए मौके से भाग गए। घटना की सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल के साथ डीग के एसपी घटना स्थल पहुंचे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।

आरोपियों के घर में तोड़फोड़

जानकारी के अनुसार घटना से गुस्साए पुलिस बल ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की बात सामने आ रही है। अभी पुलिस कुछ बताने से कतरा रही है। मामले में एसएचओ की ओर से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

Updated on:
18 Jun 2026 12:15 pm
Published on:
16 Jun 2026 12:28 pm