
भरतपुर. भरतपुर शहर में सर्कुलर रोड पर बाइक से जाते समय यहां जिला शस्त्रागार में कार्यरत आर्मोरर के पद पर कार्यरत पुलिसकर्मी सुरेशचंद हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए जयपुर ले गए, जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक पुलिस कर्मी गांव कैलूरी निवासी सुरेशचंद्र पुत्र चरन सिंह जाट की देह गांव लाई गई। यहां मृतक पुलिसकर्मी को सशस्त्र सलामी गार्ड ने सलामी दी और अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी। 17 वर्षीय इकलौते पुत्र तिमन सिंह ने पिता को मुखाग्नि दी। घटना से परिवार में गांव में शोक की लहर छा गई। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था।
फरार तीसरे आरोपी न्यायिक कर्मचारी ने किया सरेण्डर
भरतपुर. नाबालिग के यौन शोषण मामले में फरार चल रहे निलम्बित आरोपी न्यायिक कर्मचारी अंशुल सोनी ने गुरुवार को यहां एसपी कार्यालय परिसर स्थित सीओ कार्यालय पहुंच कर सरेण्डर कर दिया। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले मामले में पुलिस आरोपी जज जितेन्द्र सिंह गुलिया व न्यायिक कर्मचारी राहुल कटारा को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई ने बताया कि नाबालिग से यौन शोषण मामले में फरार आरोपी न्यायिक कर्मचारी अंशुल सोनी पुत्र रवि कुमार निवासी गुदड़ी मोहल्ला सुनार गली कस्बा कुम्हेर ने सुबह सीओ कार्यालय पहुंच कर सरेण्डर कर दिया। पुलिस ने आरोपी से गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। गौरतलब रहे कि पीडि़त की मां ने गत 31 अक्टूबर को थाना मथुरा गेट में उसके नाबालिग पुत्र के साथ एसीबी जज गुलिया और दो न्यायिक कर्मचारियों के खिलाफ यौन शोषण मामले का मामला दर्ज कराया था। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी जज गुलिया की कोर्ट पहले ही जमानत याचिका खारिज कर चुकी है। जबकि दूसरे आरोपी न्यायिक कर्मचारी कटारा की याचिका पर कोर्ट 20 को निर्णय सुनाएगा।