कांग्रेस ने यहां विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए ये आदेश
भरतपुर।
राजस्थान में आगामी चुनावों की तैयारीयां तेज हो गई हैं। चुनावी रणनीति के चलते कांग्रेस ने राजस्थान में आठ जिलों में अध्यक्ष भी बदल दिए थे और अब
हर तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारियों में जुटने के आदेश भी दे दिए हैं। हाल ही में बयाना मोड़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को नवनियुक्त नगर व देहात मंडल अध्यक्षों के स्वागत कार्यक्रम के मौके पर वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी होने के आरोप लगाए।
साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व पूर्व मंत्री भरोसीलाल जाटव ने कहा कि सत्ता के मद में भाजपा सरकार की आमजन विरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता ऊब चुकी है। कार्यकर्ता अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।
जाटव ने कहा कि गत चुनावों में कांग्रेस ने जिले की तीन विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की। इस बार कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चारों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताना होगा। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश मामू ने कहा कि नगर कांग्रेस में नरेश गुर्जर व देहात में भूपेन्द्रसिंह सोलंकी के ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त होने से पार्टी मजबूत हुई है।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों ने कार्यकर्ताओं को तरजीह देने की बात कहते हुए पार्टी की मजबूती के लिए काम करने का भरोसा दिलाया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्षों को साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भगतसिंह डागुर, जिला महामंत्री रामचरण खुरसटपुरा, रमाकांत पंडा, पार्षद गोपेन्द्र पावटा, मनोज जाटव, यूथ कांग्रेस के महासचिव शिवसिंह सेजवाल, कांग्रेस पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश मूडिया आदि मौजूद थे।
हाल ही में हुआ था बड़ा फेरबदल
राजस्थान में चुनावी रणनीति के चलते कांग्रेस ने आठ जिलों में अध्यक्ष बदल दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार देर रात को अचानक आदेश जारी कर आठ जिले के अध्यक्ष बदल दिए हैं। कांग्रेस ने एक आदेश पास कर आठ जिले के अध्यक्ष बदले दिए हैं। आदेश के साथ ही इन जिलों के नए अध्यक्ष के नाम की सूची भी जारी कर दी है।
बताया जा रहा है की विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस ने आठ जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। राजस्थान में झालवाड़, जैसलमेर , झुंझुनूं , कोटा , सीकर, टोंक , सिरोही समेत भीलवाड़ा जिले के अध्यक्ष बदल दिए गए। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से आदेश जारी कर नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई।